
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कि हिमाचल प्रदेश में प्रदेश सरकार की ऐसी स्थिति बन चुकी है कि न आपस में तालमेल है, न जनता के साथ सरोकार है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस की सरकार सिर्फ अपना कार्यकाल पूरा करने की कोशिश कर रही है। उप मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ मंत्री सार्वजनिक ताैर पर अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जयराम ठाकुर बुधवार सुबह कांगड़ा जिले के गगल एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चिट्टे की लड़ाई सरकार की ही नहीं, बल्कि हमारी भी है। भाजपा इस मामले पर सरकार के साथ है। लेकिन यह अभियान समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जमीनी स्तर पर इसमें काम करने की जरूरत है। कहा कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने एक फैसला लिया था कि चारों लोकसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं के प्रवास होगा। इसमें शिमला में श्रीकांत शर्मा, हमीरपुर में सह प्रभारी संजय टंडन, मंडी में प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल व कांगड़ा में उन्हें जिम्मेवारी साैंपी गई है। जयराम ठाकुर ने भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं।
