
भूस्खलन की आशंका को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की गई राजधानी की संजौली ढली बाईपास सड़क अब छोटे वाहनों के लिए भी बंद हो गई है। सोमवार शाम इस सड़क के किनारे जमीन धंसने के बाद इसे सभी तरह के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। यहां सड़क किनारे एक ड्रिलिंग मशीन खड़ी थी। अचानक मशीन के नीचे जमीन धंसना शुरू हुई जिससे यहां एक बड़ा गड्ढा हो गया है। मशीन भी गड्ढे में धंस गई। सूचना मिलते ही एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा की अगुवाई में जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और धंसाव के खतरे को देखते हुए बाईपास सड़क पर यातायात बंद करवा दिया। हालांकि सड़क धंसाव के पीछे बड़ी लापरवाही भी सामने आई है।
जिला प्रशासन ने पिछले महीने ही इस सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद करने के आदेश जारी किए थे। यह आदेश कुछ दिन तो लागू रहे लेकिन अब इन आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। जिला प्रशासन के पाबंदी के आदेशों के बावजूद ट्रक, ट्रालों समेत कई बसें भी इस सड़क पर रवाना हो रही थीं। सोमवार को भी सुबह 10:00 बजे से ही इस सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही जारी रही। दोपहर 12:00 बजे यहां से सामान से लदे कई ट्रक, एचआरटीसी और कई निजी बसें भी गुजरीं। इनमें कई बसें खाली थीं तो कुछेक में सवारियां भी थीं। इन्हें रोकने के लिए पुलिस की टीमें भी बाईपास सड़क पर नहीं दिखीं। इसी लापरवाही के चलते सड़क किनारे धंसाव हो गया। जिला प्रशासन ने इस क्षेत्र की जियो थर्मल रिपोर्ट भी तैयार करवाई है। इसके आधार पर ही यहां टनल निर्माण समेत अन्य कामों पर फैसला लिया जाना है। उपायुक्त अनुपम कश्यप रिपोर्ट देखने के बाद इस काम पर फैसला लेंगे। एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने कहा कि यह रिपोर्ट उपायुक्त को भेज दी है। वहीं लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करें।
टनल निर्माण के कारण यहां कई रिहायशी मकानों में दरारें आ गई थीं। मौके पर एक होटल समेत तीन भवन खाली करवाए गए हैं। कुछेक दरारें संजौली-ढली बाईपास सड़क पर बनीं नालियों में भी मिली हैं। जिला प्रशासन ने इसका भू विज्ञानी से सर्वेक्षण भी करवाया है। फिलहाल अभी तक इसे भारी वाहनों के लिए नहीं खोला था लेकिन इसके बावजूद सड़क पर धड़ल्ले से बड़े वाहन दौड़ाए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने भी इस पर सवाल उठाए थे। लंबीधार निवासी एवं पूर्व डिप्टी मेयर शैलेंद्र चौहान ने कहा कि प्रशासन ने न सड़क की मरम्मत करवाई और न ही बसें चलाईं। अब फोरलेन के ट्रक ट्राले चलने से यह सड़क धंस गई है।
ढली संजौली बाईपास सड़क के किनारे धंसाव हुआ है। यहां एक बड़ा गड्ढा हो गया है। इसके चलते इस सड़क पर अब वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। – पंकज शर्मा, एडीएम, लॉ एंड ऑर्डर
– पंकज शर्मा, एडीएम, लॉ एंड ऑर्डर
