बघाट बैंक का बड़ा फैसला: घाटा कम करने के लिए 1.60 लाख शेयर बेचे, जानें क्या रही कीमत

Spread the love

घाटे से उबरने और कैपिंग हटाने के लिए बघाट बैंक ने अब अपने शेयर बेचने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार से बैंक ने शेयर बेचने की प्रक्रिया शुरू की। दो दिन में करीब 1.60 लाख रुपये के शेयर खरीदने के लिए लोग आगे आए हैं। कई ग्राहकों ने अपनी एफडीआर से भी शेयर खरीदने के लिए बैंक अधिकारियों से संपर्क किया है। अब बैंक प्रबंधन औपचारिक मंजूरी के लिए मामला रेगुलेटरी कमीशन आरबीआई को भेजेगा।

मौजूदा समय में बैंक का एक शेयर 50 रुपये में दिया जा रहा है। इसमें इच्छुक आवेदक को 500 रुपये के शेयर खरीदना अनिवार्य है। शहर के कई कारोबारियों के साथ-साथ पुराने शेयर होल्डर भी आगे आए हैं। बैंक के करीब 11 हजार शेयर होल्डर हैं। यह भी नए शेयर खरीद सकते हैं। रिजर्व बैंक ने भी बघाट बैंक को शेयर बेचने को लेकर सुझाव दिया था, जिसके बाद बैंक ने यह निर्णय लिया है। इसमें बैंक प्रबंधक शहर के कारोबारियों से खुद भी मिल रहे हैं और उन्हें शेयर खरीदने के लिए बोल रहे हैं। मौजूदा समय में बैंक की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। बैंक में कैपिंग लगे हुए करीब चार माह का समय बीत गया है। हालांकि, बैंक का एनपीए 138 करोड़ से घटकर 114 करोड़ तक पहुंच गया है, मगर कैपिंग हटाने के लिए अब आय होना भी जरूरी है। जबकि बैंक में धनराशि जमा नहीं हो रही है। ऐसे में अब बैंक प्रबंधक अगर शेयर बेचते हैं तो बैंक आय बढ़ेगी। इससे बैंक आसानी से कैपिंग हटा सकेगा।

बघाट बैंक की एजीएम 17 फरवरी को हो रही है। इसमें बैंक के करीब 399 डेलीगेट्स के अलावा अधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे। यह एजीएम चार साल बाद होगी। इसमें बैंक की कैपिंग के साथ-साथ इसे किस तरह से घाटे से उबारा जाए, इस पर मंथन होगा। इस दिन बैंक के शेयर बेचने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी और डेलीगेट्स से भी शेयर खरीदने के लिए आग्रह किया जाएगा। एजीएम में कई अन्य मुद्दों पर भी प्रबंधक चर्चा करेंगे।

8 अक्तूबर से लगी है कैपिंग
बघाट बैंक में बीते वर्ष 8 अक्तूबर से छह माह के लिए कैपिंग लगी है। इसमें ग्राहकों को केवल 10 हजार रुपये निकालने की अनुमति है। हालांकि बैंक से अब तक सभी ग्राहकों ने निर्धारित राशि निकाल ली है। वहीं करीब 4000 लोगों को बीमा की निर्धारित पांच लाख रुपये तक की राशि भी मिल चुकी है। मौजूदा समय में बैंक के करीब 77 हजार ग्राहक हैं।

बैंक ने अपने शेयर बेचने शुरू कर दिए हैं। दो दिन में 1.60 लाख रुपये के शेयर खरीदने के लिए लोग आगे आए हैं। हालांकि, अंतिम मंजूरी के लिए मामला आरबीआई को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलते ही शेयर बेचना शुरू कर दिया जाएगा। इसमें कम से कम 500 रुपये के शेयर लेना अनिवार्य होगा। शेयर बेचने से बैंक काफी हद तक मौजूदा स्थिति से बाहर निकल जाएगा।- राज कुमार कश्यप, प्रबंध निदेशक बघाट बैंक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *