
काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने सीआई मोहाली के साथ साझे ऑपरेशन में हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन पर आरडीएक्स आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाके में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी रविवार को डायरेक्टर जनरल आफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महावीर और मनप्रीत उर्फ मनी के रूप में हुई है। दोनों एसबीएस नगर के रहने वाले हैं। ऑपरेशन के दौरान उनके कब्जे से एक 9 एमएम ग्लाॅक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के साथ जुड़े विदेश आधारित मास्टरमाइंड गोपी नवांशहरिया, जस्सी कुलाम और शुशांत चोपड़ा के निर्देशों पर काम कर रहे थे।
आरोपियों ने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर अपने साथियों के साथ मिलकर आरडीएक्स आधारित आईईडी और हैंड ग्रेनेड वाली खेप प्राप्त की थी। इसी खेप में से एक आईईडी (आरडीएक्स) का इस्तेमाल गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने 1 जनवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में विस्फोट करने के लिए किया था।
डीजीपी ने बताया कि उनके छह आरोपियों को पहले ही पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो आतंकवादी सामग्री प्राप्त करके आगे सप्लाई कर रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के साथ पूरे माॅड्यूल का पर्दाफाश हो गया है। इस संबंधी बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मोहाली के पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में केस दर्ज किया गया है।
