हिमाचल में शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल: 10 हजार शिक्षकों के तबादले, सूची अंतिम चरण में

Spread the love

हिमाचल शिक्षा विभाग में अप्रैल के पहले सप्ताह में बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी है। विभाग करीब 10 हजार शिक्षकों के तबादले करेगा। सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होने के साथ चयनित 145 स्कूलों में नई नियुक्तियों की प्रक्रिया भी इसी दौरान पूरी की जाएगी। इसके चलते पहले से कार्यरत शिक्षकों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा। सामान्य तबादलों और सेवानिवृत्ति की वार्षिक प्रक्रिया भी इसी दौरान शुरू होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक वर्ष में एक बार होने वाली नियमित ट्रांसफर प्रक्रिया के तहत विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। अप्रैल के पहले सप्ताह से आदेश जारी होने शुरू होंगे। प्रदेश में चयनित 145 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। इन स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की नई तैनाती की जाएगी।

इसके लिए स्क्रीनिंग परीक्षा और मेरिट के आधार पर चयनित शिक्षकों को पोस्टिंग दी जाएगी। इन स्कूलों में पहले से तैनात शिक्षकों को अन्य जरूरत वाले स्कूलों में समायोजित किया जाएगा, जिससे पूरे प्रदेश में शिक्षकों की उपलब्धता का संतुलन बनाया जा सके। विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा। सूत्रों के अनुसार लंबे समय से एक ही स्कूल या शहरी क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में खाली पद भरने को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्य क्षेत्रों से बदले जाने वाले शिक्षकों की एडजस्टमेंट के लिए कई स्कूलों की व्यवस्था में भी बदलाव होगा। जरूरत के अनुसार कुछ स्कूलों में विषयवार पदों का पुनर्गठन किया जा सकता है। अप्रैल से शुरू होने वाली सामान्य प्रक्रिया के तहत सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पदों को भी नए तबादलों से भरा जाएगा।

विभाग का प्रयास है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत तक अधिकतर स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर दी जाए। नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ होने से पहले तबादलों और नई तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। -आशीष कोहली, स्कूल शिक्षा निदेशक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *