
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर ने विभिन्न विभागों में फैकल्टी पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। संस्थान की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रोफेसर, एडिशनल प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए आयोजित साक्षात्कार के बाद चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं अब चयनित फैकल्टी को ज्वाइनिंग लैटर भेजे जा रहे हैं।
एम्स बिलासपुर ने कुल 83 फैकल्टी पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित की थी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र उम्मीदवारों के इंटरव्यू 16 और 17 फरवरी को आयोजित किए गए। स्थायी चयन समिति की सिफारिशों, संस्थान की एचआर सब-कमेटी की मंजूरी के बाद अंतिम परिणाम जारी किया गया। जारी परिणाम के अनुसार कई विभागों में विभिन्न स्तरों के पद भरे गए हैं। सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भरा गया है। रेडियोलॉजी विभाग में भी असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भरा गया है।
इसी तरह नियोनेटोलॉजी विभाग में एडिशनल प्रोफेसर का एक पद भरा गया है। ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एंड ब्लड बैंक विभाग में एडिशनल प्रोफेसर का एक पद भरा गया है। वहीं ट्रॉमा एंड इमरजेंसी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के दो पद भरे गए हैं। न्यूरोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भरा गया है, जबकि नेफ्रोलॉजी विभाग में भी असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भरा गया है। फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भरा गया है।
ऑफ्थाल्मोलॉजी विभाग में एडिशनल प्रोफेसर का एक पद भरा गया है। फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी विभाग में एडिशनल प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के एक-एक पद भरे गए हैं। ऑर्थोपेडिक्स विभाग में एडिशनल प्रोफेसर के पद को डाउनग्रेड करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर (काॅन्ट्रेक्ट आधार) का एक पद भरा गया है, जबकि एसोसिएट प्रोफेसर का एक पद भी भरा गया है।
एनेस्थिसियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर का एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के पांच पद भरे गए हैं। हालांकि कुछ विभागों में पद खाली भी रह गए हैं। नियुक्ति से पहले सभी उम्मीदवारों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
