किन जिलों में सबसे ज्यादा असर? हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट, 5 दिन तक बारिश और ओलावृष्टि

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में माैसम के बिगड़ने के आसार हैं। राज्य के कई भागों में लगातार पांच दिन बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। वहीं कई जिलों में 4 मई को ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों के दाैरान सराहन में 18.5, सांगला 2.4, सियोबाग 2.2, वांगटू 1.0 कल्पा में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

 उधर, गुरुवार रात जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि से गेहूं, जौ सहित तैयार खड़ी नकदी फसलों और फलों के बगीचों को भारी क्षति पहुंची है। क्षेत्र में इन दिनों गेहूं और जौ की फसल पूरी तरह पककर तैयार थी और कटाई का दौर शुरू होने वाला था, लेकिन कुदरत की मार ने सुनहरी फसल को मिट्टी में मिला दिया। हाल ही में रोपी गई टमाटर और शिमला मिर्च की नई पौध भी ओलावृष्टि की भेंट चढ़ गई है। क्षेत्र के मुख्य फल प्लम, खुमानी और आड़ू के पेड़ों पर लगे फलों और पौधों को ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। अब किसानों की चिंता और बढ़ गई है। 

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में 3 से 7 मई तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। 8 मई को भी कुछ स्थानों पर माैसम खराब रहने के आसार हैं। 4 मई को राज्य के कई जिलों में ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट है। 3 व 5 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट है

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 13.5, सुंदरनगर 16.3, भुंतर 13.2, कल्पा 6.2, ऊना 18.8, नाहन 18.1, पालपमुर 16.5, सोलन 15.6, मनाली 9.5, कांगड़ा 18.3, मंडी 17.7, बिलासपुर 18.5, जुब्बड़हट्टी 16.4, कुकुमसेरी 5.4, सेऊबाग 9.0, बरठीं 15.6, पांवटा साहिब 21.0, सराहन 10.1, देहरागोपीपुर 21.0 व ताबो में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
मई में ऐसा रहेगा माैसम, लू वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की संभावना
माैसम विभाग के संभावित पूर्वानुमान के अनुसार मई में हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मई के दौरान हिमाचल की निचली पहाड़ियों, मैदानी इलाकों और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कई हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान के सामान्य या सामान्य से कम रहने की बहुत अधिक संभावना है। वहीं हिमाचल की ऊंची पहाड़ियों और उनसे सटे मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कई हिस्सों में यह सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मई के दौरान प्रदेश के मध्य और निचले पहाड़ी/मैदानी इलाकों में लू वाले दिनों की संख्या, दीर्घकालिक औसत की तुलना में सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *