Himachal: स्कूलों के प्रवेश, निकास द्वार पर रहेगा अब तीसरी आंख का पहरा, शिक्षा बोर्ड ने लिया फैसला

Spread the love

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रत्येक प्रवेश और निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। कैमरों में वीडियो के साथ आवाज रिकॉर्डिंग की सुविधा भी होनी चाहिए। इसकी फुटेज कम से कम छह माह तक सुरक्षित रखनी होगी। इस संदर्भ स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय हाल ही में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामने आई अनियमितताओं और नकल संबंधी शिकायतों के बाद लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

अधिसूचना में कहा गया है कि स्कूलों को ऐसे सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे जिनसे परीक्षा केंद्र के हर महत्वपूर्ण क्षेत्र की स्पष्ट निगरानी हो सके। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी। आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड या प्रशासन की ओर से फुटेज की जांच भी की जा सकेगी। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इस व्यवस्था से परीक्षा केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने, नकल पर रोक लगाने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने में मदद मिलेगी, साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *