
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को लू के येलो अलर्ट के बीच पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में रिकॉर्ड 78.83 फीसदी मतदान हुआ। पंचायत चुनाव के पहले चरण में 1293 पंचायतों में मतदाताओं ने गांव की सरकार चुनने में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाई। वर्ष 2021 के मुकाबले इस बार पहले चरण में 1.83 फीसदी अधिक मतदान हुआ है, जबकि वर्ष 2015 में 68.59 फीसदी मतदान हुआ था। पहले चरण में इस बार कुल्लू जिले में सर्वाधिक 84 और लाहौल-स्पीति में सबसे कम करीब 69 फीसदी मतदान हुआ।
वोट डालने में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने ज्यादा उत्साह दिखाया। हिमाचल के 10 जिलों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में अधिक रहा। कुल्लू में महिला मतदान प्रतिशत सबसे अधिक लगभग 85 फीसदी रहा। सिरमौर जिले में तिलोरधार पंचायत के धर्मीन बूथ में सर्वाधिक 97 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पंचायतों में सुबह 7 से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ।
मतदाताओं ने प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के अलावा जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए वोट डाले। प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य के देर रात तक नतीजे भी आ गए हैं, जबकि जिप एवं पंचायत समिति सदस्य के मतों की गिनती 31 मई को चार नगर निगमों के साथ होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक साल 2021 में करीब 77 प्रतिशत मतदान रहा था, इस बार 78.83 फीसदी मतदान हुआ है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ वार्डों में मतदान स्थगित और रद्द भी करना पड़ा। पंचायत समिति करसोग के वार्ड नंबर-12 मैहंडी और परलोग के पंचायत समिति सदस्य पद का मतदान इसलिए स्थगित करना पड़ा, क्योंकि मतपत्र में एक प्रत्याशी का नाम अंकित नहीं था। मामले में आरओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इस वार्ड का चुनाव 28 मई होगा। शिमला जिले के रामपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत नरैण के वार्ड नंबर-1 ब्रांदली-1 में मतदान के दौरान स्वास्तिक चिह्न वाली मोहर के साथ नोटा मार्क वाली मोहर का उपयोग किए जाने का मामला सामने आने पर आयोग ने इस वार्ड का चुनाव रद्द कर दिया है। अब यहां 30 मई को दोबारा मतदान होगा। मामले में चार कर्मी निलंबित कर दिए गए हैं। आयोग के मुताबिक 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना 31 मई को करवाई जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
चंबा में वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी की मौत, चुनाव रद्द
चंबा विकास खंड की चंबी पंचायत के वार्ड नंबर-3 से चुनाव लड़ रही एक प्रत्याशी की मृत्यु होने के कारण उस वार्ड का चुनाव रद्द कर दिया गया है। अब यहां नए सिरे से चुनाव होगा।
मतदान करते समय महिला को हार्टअटैक, अस्पताल में भर्ती
बरोटीवाला (सोलन)। दून की सौढ़ी पंचायत के मलगन बूथ पर एक महिला मतदाता को मतदान करते समय हार्ट अटैक आ गया। 66 वर्षीय महिला धर्मी देवी को वोट डालते समय सीने में दर्द हुआ, जिससे वह बेहोश हो गईं। लोगों ने बेहोशी की हालत में महिला को उपचार के लिए बद्दी के निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर वह उपचाराधीन है। संवाद
पहले चरण में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। 28 और 30 मई को दूसरे और तीसरे चरण में मतदान होना है। 31 मई को नगर निगम और जिला परिषद बीडीसी सदस्य के नतीजे आएंगे। – अनिल खाची, राज्य निर्वाचन आयुक्त
