गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल पहुंचे लाखों सैलानी, पर्यटन स्थलों पर रिकॉर्ड भीड़

Spread the love

मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। वीकेंड और गर्मियों की छुट्टियों के चलते शिमला, मनाली और डलहौजी समेत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिल रही है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में परिवार और युवा पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। मुहर्रम के साथ वीकेंड की छुट्टी के चलते इस हफ्ते पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। पर्यटकों की भारी आमद का असर प्रदेश की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।

वाहनों की लंबी कतारें लग रहीं

पिछले कुल दिनों में लाखों पर्यटक वाहनों की प्रदेश में आवाजाही हुई है। पर्यटन स्थलों के प्रमुख प्रवेश मार्गों सहित शहरों की आंतरिक सड़कों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि पर्यटकों की बढ़ती संख्या से प्रदेश की पर्यटन अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिला है। होटल, होमस्टे, टैक्सी ऑपरेटर और टूर-ट्रैवल कारोबारियों के व्यवसाय में अच्छा उछाल देखा जा रहा है। कसौली और चायल सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर होटल लगभग पैक चल रहे हैं और एडवांस बुकिंग लगातार बढ़ रही है।

प्रदेश पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर

भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, बाइक ट्रैफिक राइडर्स और इंटरसेप्टर वाहनों को तैनात किया गया है। पुलिस लगातार पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बचने और हुड़दंग न करने की अपील कर रही है, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के चेयरमैन गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए देश भर से सैलानी हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। आने वाले हफ्तों में भी प्रदेश में सैलानियों के पहुंचने का क्रम जारी रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *