ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक जस्सी गिल ने नचाए युवा, राय ने भी जमाया रंग

Spread the love

हिमाचल प्रदेश की राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 की पांचवीं एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक जस्सी गिल के नाम रही। शुक्रवार रात 11:00 बजे जैसे ही जस्सी गिल मंच पर पहुंचे पूरा रिज मैदान तालियों से गूंज उठा। इस दौरान जस्सी ने जैसे ही साडा बापू जमींदार कित्थों लैके देवे कार, मित्रां दा नाम चलदा, रोई ना जो याद मेरी आई जैसे सुपरहिट गाने गाकर युवाओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में जस्सी गिल की एक झलक पाने और उनके गानों का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में लोग रिज मैदान पहुंचे थे। हालात यह थे कि रिज मैदान से लेकर क्राइस्ट चर्च और टका बेंच तक दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। जैसे-जैसे जस्सी गिल अपने हिट गाने पेश करते गए, दर्शकों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया।युवाओं ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर दिया सम्मान

युवाओं ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर और गीतों पर थिरककर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। इससे पहले पंजाबी गायक बब्बल राय ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने माए नी मेरिये शिमला नी बसणा… किथे चली है मोरनी बनके और दिल लगा लिया मैंने तुमसे प्यार करके जैसे गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

बब्बल राय की प्रस्तुति के दौरान भी युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। उधर ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उपायुक्त एवं  अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि को शॉल हिमाचली टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं कलाकारों ने हिमाचली परिधानों का रैंप पर प्रदर्शन भी किया। रिज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे लोगों को घरों तक छोड़ने के लिए एचआरटीसी ने टेंपों ट्रैवलर और विशेष बसें चलाई थीं। इस कारण लोगों को रात को घरों क लौटने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। हालांकि कुछ जगह के लिए परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को पैदल भी घरों तक पहुंचना पड़ा।अधिकारियों को किया सम्मानित

उपायुक्त ने विधायक हरीश जनारथा, उपमहापौर उमा कौशल, मिल्कफेड अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, हिमकॉन के अध्यक्ष विज चौहान, वित्त विभाग के सचिव अभिषेक जैन और मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा को भी सम्मानित किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 की स्मारिका का विमोचन भी किया।

वहीं ग्रीष्मोत्सव पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।रिशव बने वायस ऑफ माउंटेन स्पर्धा के विजेता

अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल 2026 के मुख्य मंच पर आयोजित प्रतिष्ठित गायन प्रतियोगिता वॉयस ऑफ माउंटेन का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें शिमला के रिशव सल्होत्रा ने शानदार प्रस्तुति देकर वॉयस ऑफ माउंटेन का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा जोगिंद्रनगर (मंडी) की शालू धीमान ने फर्स्ट रनर-अप और अर्की की अंजलि भाटिया ने सेकेंड रनर-अप का खिताब जीता। विजेता को 51 हजार, फर्स्ट रनर अप को 31 हजार और सेकेंड रनर अप 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महादेव स्टूडियोज की ओर आयोजित इस प्रतियोगिता के ऑडिशन में महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से करीब 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका प्रोफेसर डॉ. रोहित मोक्टा, प्रोफेसर डॉ. मृत्युंजय शर्मा और प्रोफेसर डॉ. अनूप कुमार ने निभाई। कार्यक्रम देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *