मनीषा हत्याकांड में क्राइम सीन रीक्रिएट, शूटरों से पूछताछ तेज, मास्टरमाइंड की तलाश

Spread the love

सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल संजौली (शनान) संचालिका मनीषा हत्याकांड के मामले में पुलिस की टीम दोनों शूटरों को क्राइम सीन पर लेकर गई। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों शूटरों से वारदात को अंजाम देने, कहां से दोनों आरोपी पहुंचे और कहां से भागे इन सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई।  पुलिस के पास वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी है, जिसकी पहले ही गहनता से पड़ताल की जा चुकी है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ करके इसके पीछे छिपे मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आशीष अहलावत (22), निवासी ग्राम दुजाना, जिला झज्जर, हरियाणा और दीपक (25), निवासी सुनारिया खुर्द, तहसील एवं जिला रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया था।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी पुलिस को पूछताछ के दौरान गुमराह करने की कोशिश भी कर रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस उनके दिए गए जवाबों का क्रॉस-वैरिफिकेशन भी कर रही है। अभी तक मामले की जांच कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और आपसी रंजिश के पहलुओं पर चल रही है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा और सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

पति सुभाष बोले-मैं अभी कुछ नहीं कहना चाहता 
रेवाड़ी। मां मनीषा मित्तल की हत्या के बाद 17 वर्षीय बेटी पिता डॉ. सुभाष यादव के पास जाने से इन्कार कर चुकी है। इस मामले को डॉ. सुभाष यादव ने ज्यादा कुछ बोलने से इन्कार कर दिया। कहा कि मैं अभी कुछ नहीं कहना चाहता हूं। वहीं पुलिस मामले में दो शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, बता दें कि डॉ. सुभाष यादव पत्नी मनीषा से अलग रह रहे थे। पत्नी ने कोर्ट में मेंटेनेंस का दावा डाल रखा है। गौरतलब है कि शिमला में हुए इस हत्याकांड को लेकर काफी चर्चा हो रही है। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपी
मामला 13 जून का है, जब दोनों नकाबपोश शूटरों ने स्कूल के गेट पर सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।  

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी पहलुओं की मदद से दोनों शूटरों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया गया। इस वारदात के बाद स्कूल भी बंद पड़ा है। अब वीरवार से स्कूल दोबारा खुलने का दावा स्कूल प्रबंधन कर रहा है। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही हत्या की इस वारदात की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। दोनों शूटर गिरफ्तार कर लिए गए हैं और उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।

सरस्वती पैराडाइज स्कूल के अभिभावकों की एसपी से मुलाकात, बच्चों की सुरक्षा का मिला भरोसा
संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिमला गौरव सिंह से मुलाकात की। इस दौरान अभिभावकों ने स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।

परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस पर एसपी शिमला ने स्कूल समय के दौरान परिसर में पुलिस जवानों की तैनाती का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से मिले आश्वासन के बाद अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है और अब शुक्रवार से बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाएंगे। उन्होंने अन्य अभिभावकों से भी बच्चों को बिना किसी भय के स्कूल भेजने की अपील की।

गौरतलब है कि 13 जून को सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की स्कूल परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *