मिनी सचिवालय की लिफ्ट में एक घंटे तक फंसी सफाई कर्मचारी, रेस्क्यू कर बचाई गई जान

Spread the love

कांगड़ा जिले के देहरा मिनी सचिवालय में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सफाई कर्मचारी स्नेहा अचानक लिफ्ट में फंस गई और करीब एक घंटे तक बाहर नहीं निकल सकी। बंद लिफ्ट में घुटन बढ़ने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे स्नेहा सफाई कार्य के लिए लिफ्ट से ऊपरी मंजिल पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज झटके के साथ लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई। उस समय महिला लिफ्ट में अकेली थी, जबकि उसका पति मिनी सचिवालय परिसर में ही मौजूद था।करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसी रहने के कारण महिला को घुटन महसूस होने लगी और उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एसडीएम देहरा के निर्देश पर तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *