
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवरी का नया भवन शुरू न होने पर राज्य सरकार और संबंधित विभागों को नोटिस जारी किया। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान सरकार से पूछा कि जब स्कूल का नया भवन बनकर तैयार है तो विद्यार्थी अन्य जगह क्यों बैठाए जा रहे हैं। खंडपीठ ने एक सप्ताह के भीतर 22 जुलाई को होने वाली सुनवाई में सरकार से इस पर जवाब मांगा है। खंडपीठ ने यह आदेश कुंज लाल की तरफ से दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।
खंडपीठ ने सरकार से ये पूछा
खंडपीठ ने सरकार से पूछा कि तैयार हो चुके स्कूल के नए भवन में बच्चों को क्यों नहीं बैठाया जा रहा। क्यों उन्हें दूसरे भवन में पढ़ाया जा रहा है। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर नए भवन के उद्घाटन के लिए आए थे। उद्घाटन पहले से तय था। शिक्षा मंत्री के टूर प्रोग्राम में स्कूल के उद्घाटन का जिक्र था और स्कूल प्रबंधन ने पोस्टर और कार्ड भी छपवाए थे, लेकिन बाद में उद्घाटन पट्टिका हटा दी। जब विभाग से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।Himachal: हाईकोर्ट ने कहा- स्कूल का भवन तैयार तो अन्य जगह क्यों बैठाए जा रहे विद्यार्थी, जानें पूरा मामला
