
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब सत्ता से बाहर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और प्रदेश को इस निकम्मी सरकार से मुक्ति दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की विशेष बैठक में निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी को लेकर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जन आंदोलन चलाया जाएगा। यह आंदोलन मंडल स्तर से शुरू होकर विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और हर उस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी जिससे प्रदेश की जनता प्रभावित हुई है।
पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध: जयराम
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। भाजपा सरकार के समय बजट प्रावधान के साथ शुरू किए गए अनेक विकास कार्यों को रोक दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जनता से अनेक गारंटियां और बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय जनता को निराश किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र से पहले ही भाजपा अपने जन आंदोलन की शुरुआत करेगी। मुख्यमंत्री की ओर से प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जयराम ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है और उसे आयोजित करना उनका निर्णय है। भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है और केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने तक भाजपा का जन आंदोलन रहेगा जारी : डॉ. राजीव बिंदल
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित भाजपा की विशेष बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की जनविरोधी, वादाखिलाफी और भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ भाजपा पूरे प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज प्रदेश की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।
सरकार ने प्रदेशभर में स्कूलों, कॉलेजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, कार्यालयों, पशु चिकित्सालयों और अन्य सरकारी संस्थानों पर ताले लगाने का काम किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों सहित आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा का यह आंदोलन केवल सांकेतिक नहीं होगा, बल्कि तब तक लगातार जारी रहेगा जब तक प्रदेश की इस जनविरोधी और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ नहीं फेंका जाता। भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगी।
