
सरकारी स्कूलों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 25 शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों को इस वर्ष राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कारों के लिए आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए हैं। पात्र शिक्षक 8 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पुरस्कार शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को प्रदान किए जाएंगे।
इस बार नई राज्य शिक्षक पुरस्कार योजना लागू की है। इसके तहत शिक्षकों के चयन में सीखने के परिणाम, नवाचार, स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग और शिक्षा सुधार में योगदान जैसे मानकों को अधिक महत्व दिया जाएगा। योजना के अनुसार इस वर्ष कुल 25 राज्य शिक्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 16 पुरस्कार सामान्य क्षेत्रों और नौ पुरस्कार जनजातीय एवं कठिन क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और विशेष उपलब्धियों के लिए छह विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों के पास कम से कम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव होना आवश्यक है। मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों के लिए दो वर्ष का प्रशासनिक अनुभव भी अनिवार्य रखा गया है। पिछले पांच वर्षों में किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई या दंड झेल चुके शिक्षक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। शिक्षकों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में पात्रता की जांच होगी, दूसरे चरण में निर्धारित मानदंडों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और तीसरे चरण में प्रस्तुतीकरण तथा साक्षात्कार के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित ई-मेल आईडी पर भेजने होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की गई है। अधूरे अथवा निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
