
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने 10 से 16 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 और 11 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।जिलावार चेतावनी के अनुसार कांगड़ा और सिरमौर में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मंडी में भी इन दोनों दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।12 और 13 अगस्त को भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 14, 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
कांगड़ा-मंडी में ज्यादा सतर्कता
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कांगड़ा और मंडी उन जिलों में हैं जहां 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सिरमौर में भी दोनों दिन ऐसी ही स्थिति बन सकती है। इसके बाद 12 अगस्त को इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा
भारी बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा खिसकने का खतरा बढ़ सकता है। निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी होने और दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। नदी, नालों और अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
तेज हवाओं और बिजली चमकने की भी संभावना
10 से 16 अगस्त के दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में भी बदलाव
अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में अगले चार से पांच दिनों के दौरान बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
बीते 24 घंटे में भी हुई बारिश
मौसम बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। धर्मशाला में 6 सेंटीमीटर, अर्की में 5 सेंटीमीटर और ठियोग, पांवटा तथा शिमला में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
