हिमाचल: मोबाइल पर गेम खेलने से रोका तो किशोर ने दे दी जान, चंबा में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के समीपवर्ती रक्कड़ क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने पर 14 वर्षीय किशोर ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की माता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था।

जब उन्होंने उसे गेम खेलने से मना किया और मोबाइल अपने पास रख लिया, तो वह नाराज होकर सीधे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब कमरे में देखा तो उसने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाया हुआ था। परिजन तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मां ने इस मामले में किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह नहीं जताया है। एएसपी आरपी जसवाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

चंबा के घोल्टी में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र
वहीं चंबा जिले के सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से दुपट्टे से लटका मिला। मरने वाले बच्चे की पहचान लकी पुत्र सतो निवासी बनगोटू डाकघर पल्यूर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक लकी पिछले पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रह रहा था, जहां वह पढ़ाई करता था। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। छात्र के पिता सतो ने पुलिस के समक्ष किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *