बायोकेमिस्ट्री में वैश्विक स्तर पर पांचवां और नैनोमटेरियल्स में 30वां स्थान; Scholarly Index की 2026 की टॉप 1000 स्कॉलर्स सूची में भी शामिल
शूलिनी यूनिवर्सिटी के प्रो. (डॉ.) सदानंद पांडे ने शोध के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अमेरिका स्थित अकादमिक शोध विश्लेषण कंपनी ScholarGPS® की 2026 रैंकिंग में उन्हें ज़ैंथन गम (Xanthan Gum) अनुसंधान के लिए दुनिया भर में दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने इस क्षेत्र में लाइफटाइम रिसर्च और पिछले पांच वर्षों के शोध प्रदर्शन, दोनों श्रेणियों में यह स्थान हासिल किया है।
यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ एप्लाइड साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी में प्रोफेसर डॉ. पांडे को इसी रैंकिंग में बायोकेमिस्ट्री में विश्व स्तर पर पांचवां और नैनोमटेरियल्स में 30वां स्थान मिला है। सभी शैक्षणिक क्षेत्रों में उनके शोध योगदान को मिलाकर उन्हें वैश्विक स्तर पर 2,391वां स्थान प्राप्त हुआ है।
उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। उन्हें Scholarly Index – Top 1000 Scholars 2026 सूची में भी स्थान मिला है। इस सूची में वर्ष 2021 से 2025 के दौरान उनके शोध प्रभाव के आधार पर उन्हें ग्राफीन एवं नैनोमटेरियल्स के अनुप्रयोगों में दुनिया भर में 11वां और भारत में तीसरा स्थान मिला है। वहीं, नैनोपार्टिकल आधारित दवा वितरण प्रणाली (Nanoparticle-based Drug Delivery) में उन्हें विश्व स्तर पर 11वां और भारत में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। हाइड्रोजेल अनुसंधान में उन्होंने विश्व स्तर पर 44वां और भारत में दूसरा स्थान हासिल किया है।
