# चलती कार पर झपटा तेंदुआ, कार लुढ़कने से चालक की मौत|

Spread the love

पुलिस थाना घुमारवीं के गांव बैहल नवाण में बीती देर रात अचानक चलती कार पर एक तेंदुआ झपट पड़ा, जिससे चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट नीचे जा गिरी।

इस घटना में चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान हिम्मत सिंह (46) निवासी हवाण तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात कार में सवार चार लोग जमथ जिला मंडी में एक शादी समारोह से घर वापिस आ रहे थे। जैसे ही कार त्रिफालघाट से करीब 500 मीटर आगे गांव बैहल नवाण के पास पहुंची तो अचानक एक तेंदुआ कार की तरफ आ झपटा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट नीचे जा गिरी।

ग्रामीणों को जैसे ही हादसे का पता चला, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायलों को सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया। जहां पर हिम्मत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि हादसे में हवाण के 66 वर्षीय रतन लाल, 63 वर्षीय निर्मला देवी व 12 वर्षीय रोहित घायल हुए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।