# ऑस्ट्रेलियन वेब सीरीज फोर इयर्स में नजर आएंगे रोहड़ू के पीयूष चौहान|

Spread the love

 जिला शिमला के रोहड़ू निवासी पीयूष चौहान एक्टिंग की दुनिया में खूब नाम कमा रहे हैं।  सात सालों से मुंबई में काम कर रहे पीयूष सब टीवी के काटेलाल एंड संस शो में भी काम कर चुके हैं और इन दिनों वह ऑस्ट्रेलियन वेब सीरिज फोर इयर्स कर रहे हैं। यह वेब सीरिज जल्द ही ऑस्ट्रेलिया के एसबीएस चैनल पर वर्ल्ड वाइड रिलीज होगी।

पीयूष बताते हैं कि ऑस्ट्रेलियन वेब सीरीज में काम करके वह बहुत खुश हैं। इस वेब सीरिज की कहानी संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें वह मुख्य कलाकार की बहन से शादी कर रहे हैं, जो अपनी बहन से बहुत प्यार करता है और उसे पूरा भरोसा है कि मैं उसकी बहन को खुश रखूंगा।

पीयूष का कहना है कि वह अपने आपको खुशनसीब मानते हैं कि उन्हें इस इंटरनेशनल प्रोजेक्ट में मशहूर एक्ट्रेस शहाना गोस्वामी, अक्षय अर्जित और ऑस्ट्रेलियन डायरेक्टर के साथ काम करने का मौका मिला है। बता दें कि पीयूष चौहान जापानी कंपनी की एक इंटरनेशनल एड सोलो स्टेशनरी के अलावा अनेकों विज्ञापन, प्रिंट शूट सहित कई गानों में भी काम कर चुके हैं।