नित्थर के घातू गांव में रसोईघर में फटा सिलेंडर, धमाके से सहमे ग्रामीण

Spread the love

mandi

उपतहसील नित्थर की ग्राम पंचायत गमोग के घातू गांव में पुष्प राम के रसोई घर में सोमवार दोपहर अचानक गैस सिलेंडर में आग भड़क गई, जिसके बाद जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। गनीमत रही कि सिलेंडर के फटने से पहले ही पूरा परिवार बाहर निकल चुका था।

धमाका इतना तेज था कि पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। प्रभावित पुष्पराम ने बताया कि सिलेंडर से भड़की आग से रसोईघर में रखा सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। हालांकि, उनका यह रसोईघर उनके मकान से अलग था, इसलिए मकान तक आग नहीं पहुंची।

नायब तहसीलदार निथर पुष्पेंद्र कश्यप ने कहा कि मौके का निरीक्षण करने के बाद नुकसान का पता चल सकेगा। पंचायत उपप्रधान नाथू राम ने कहा कि पंचायत की तरफ से एक हजार रुपए की राहत राशि प्रभावित को प्रदान कर दी गई है। उन्होंने पंचायत की तरह से और भी मदद देने की बात की है।