20 करोड़ से संवारा जाएगा एसपीयू का सुंदरनगर स्थित कैंपस

Spread the love

जिला मंडी के सुंदरनगर स्थित सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कैंपस को 20 करोड़ की लागत से संवारा जाएगा। हाल ही में उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत पटेल यूनिवर्सिटी को जो 20 करोड़ की ग्रांट प्राप्त हुई थी, उसे इस कैंपस के सुदृढ़ीकरण पर खर्च करने का निर्णय लिया गया है। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी की प्रति कुलपति प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने बताया कि 20 करोड़ की ग्रांट से सुंदरनगर कैंपस को सुदृढ़ किया जाएगा।

वहां पर आधुनिक सुविधाओं वाली लैब, लाइब्रेरी और रीडिंग रूम बनाए जाएंगे। मंडी से कुछ कोर्स भी यहां शिफ्ट किए जाएंगे, जिसमें इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री और एनवायरमेंटल साइंस सहित पीएचडी के कुछ कोर्स शामिल हैं। इन कोर्स को सुंदरनगर में शुरू करने के लिए ही वहां पर 20 करोड़ की लागत से आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा। हालांकि यूनिवर्सिटी कुछ और कोर्स भी शुरू करना चाहती है, लेकिन उसके लिए सरकार से अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।


क्लस्टर यूनिवर्सिटी के दौरान बनाई गई थी चार बिल्डिंग
बता दें कि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के गठन से पहले मंडी में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के तहत क्लस्टर यूनिवर्सिटी का संचालन हुआ करता था, जिसके तहत सुंदरनगर, बासा, मंडी और पधर में भवनों का निर्माण किया गया था। इन भवनों का अभी तक सही इस्तेमाल नहीं हो रहा था, लेकिन अब मंडी में यूनिवर्सिटी बन जाने के बाद इन भवनों का इस्तेमाल होना शुरू हुआ है। जब तक यूनिवर्सिटी का कैंपस पूरी तरह से नहीं बन जाएगा, तब तक इन भवनों में ही यूनिवर्सिटी की बहुत सी गतिविधियों का संचालन होगा।