# गेहूं कटाई के लिए मजदूरों की दिहाड़ी निश्चित करे प्रशासन…

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने गेहूं की फसल कटाई को लेकर किसानों और मजदूरों में चल रही खींचतान के बीच जिला प्रशासन से मुलाकात करते हुए गेहूं कटाई की दिहाड़ी निश्चित करने की मांग उठाई है। शनिवार को भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर और जिला अध्यक्ष जसविंदर सिंह की अध्यक्षता में किसान मोर्चा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीसी दरबार पहुंचे और उपायुक्त को ज्ञापन दिया।

बलवंत ठाकुर ने कहा कि गेहूं की फसल कटाई के लिए मजदूरों द्वारा 900 से 1000 रुपए तक दिहाड़ी मांगी जा रही है। फसल कटाई के लिए इतनी मजदूरी देना किसानों के बस में नहीं है। किसानों को जहां एक तरफ आर्थिक नुकसान उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ मजदूरों के नहीं मिलने से फसल खेतों में बर्बाद हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने उपायुक्त को ज्ञापन पत्र प्रदान किया है और मांग उठाई है कि गेहूं की फसल कटाई के लिए दिहाड़ी निश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार के आर्थिक बोझ तले दबाने से बचाया जा सके। दूसरी तरफ उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस मामले का समाधान नहीं किया तो भाजपा किसान मोर्चा उग्र प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।