#जमा दो के परीक्षा परिणाम में फेल होने पर छात्र ने लगाया फं#दा…

Spread the love

पांवटा साहिब में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में फेल एक छात्र ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी है। छात्र की मौत से परिजन बुरी तरह आहत हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी अनुसार 12वीं कक्षा का छात्र रोहित चौहान (18 वर्षीय) पुत्र फूल सिंह निवासी सूरजपुर पांवटा साहिब ने मंगलवार सुबह अपने निवास सूरजपुर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उक्त छात्र 12वीं कक्षा में फेल होने की वजह से मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

छात्र बीते वर्ष भी फेल हुआ था जिस कारण वह इस बार पहले से ही मानसिक तनाव झेल रहा था। सोमवार को हिमाचल बोर्ड का 12वीं का परिणाम आने के बाद जब छात्र ने खुद को फेल पाया तो उसके होश उड़ गए।

एसडीपीओ पांवटा आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि छात्र ने 12वीं कक्षा में फेल होने के बाद मानसिक तनाव में था, जिस कारण उसने यह कदम उठाया है। मामले में आगामी कार्रवाई भी की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।