धर्मशाला रवाना होने से पहले सीएम सुक्खू ने जाखू मंदिर में की पूजा, समारोह में नहीं आएंगी प्रियंका

सत्ता में आने से पहले दस गारंटियों का वादा करने वाली हिमाचल प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार आज एक साल का कार्यकाल पूरा होने का धर्मशाला में जश्न मना रही है। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री सुक्खू ने धर्मशाला रवाना होने से पहले शिमला के प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर में पत्नी के साथ पूजा की। दोपहर करीब 12:00 मुख्यमंत्री धर्मशाला रवाना हुए। धर्मशाला पहुंचने पर सबसे पहले सीएम मुख्यमंत्री शहीद स्मारक गए।  शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद पदयात्रा की। इसके बाद सीएम जनता को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सरकार के एक साल के समारोह में शामिल नहीं होंगी। सूत्रों के अनुसार सरकारी समारोह के चलते प्रियंका गांधी इसमें शामिल नहीं हुईं। प्रियंका शिमला के छराबड़ा स्थिति अपने घर पर रुकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि प्रियंका ना तो सांसद हैं और ना ही विधायक। इसलिए खुद को सरकारी समारोह से दूर रखा। वहीं, पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे  दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाए हैं। समारोह में मुख्यमंत्री से पहले विधायक केवल पठानिया, विशाल चंबियाल के बाद घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी ने संबोधित किया। सरकार के एक साल का जश्न मनाने के लिए धर्मशाला में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे हैं। मौसम भी साफ बना हुआ है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी समारोह स्थल पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *