
हिमाचल प्रदेश में माैसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। माैसम विभाग की ओर से राज्य के कई भागों में लगातार छह दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं कई जिलों में चार दिन अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आने की संभावना है। शिमला सहित आसपास भागों में आज सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं, बीच-बीच में धूप भी खिल रही है। आज उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की प्रबल संभावना है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 4-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 14 और 17 मार्च को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। 20 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं 15, 16, 18 और 19 मार्च को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 15, 16 व 18 मार्च को कई जिलों में ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। 15 मार्च के लिए कुल्लू, मंडी व शिमला के लिए अंधड़ व ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला में न्यूनतम तापमान 12.0, सुंदरनगर 12.0, भुंतर 9.4, कल्पा 3.5, धर्मशाला 13.5, ऊना 12.8, नाहन 13.7, पालमपुर 11.0, सोलन 10.4, मनाली 8.6, कांगड़ा 12.8, मंडी 12.7, बिलासपुर 14.0, जुब्बड़हट्टी 12.6, कुफरी 8.1, कुकुमसेरी 3.1, बरठीं 11.9, कसाैली 13.9, पांवटा साहिब 18.0, सराहन 7.7, देहरागोपीपुर 15.0, ताबो 0.2 व नेरी में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
