
पेट्रोल और डीजल पर सेस लगाने का फैसला अभी नहीं लिया- सीएम
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने अभी पेट्रोल और डीजल पर सेस लगाने का फैसला नहीं लिया है। अभी विधानसभा से इस संदर्भ में बिल पास हुआ है। सेस कितना लगाया जाना है, यह तय किया जाना शेष है।
उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए गलत तथ्य पेश किए। जयराम ने कहा कि हिमाचल में पेट्रोल और डीजल ₹5 महंगा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। इससे प्रदेश की छवि खराब होती है। अभी बिल राज्यपाल की मंजूरी के लिए जाएगा।
उसके बाद सरकार तय करेगी कितना दाम तय करना है। सेस को सरकार न्यूनतम भी लगा सकती है। मुख्यमंत्री ने नेता विपक्ष पर इस मामले पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप भी लगाया।
Himachal Budget Session 2026: आज सातवां दिन; एंट्री टैक्स का मुद्दा उठा; जानें पूरी अपडेट विस्तार से
फास्ट टैग से एंट्री टैक्स को जोड़ने से दरें बढ़ी- सीएम सुक्खू
एंट्री टैक्स के मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के बॉर्डर क्षेत्र में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों की सुविधा के लिए पास बनाने का विचार आगामी कैबिनेट बैठक में किया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक राकेश जम्वाल के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्ट टैग से एंट्री टैक्स को जोड़ने से दरें बढ़ी हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नेशनल हाईवे और हिमाचल के एंट्री टैक्स का बैरियर नजदीक है उन्हें एक करने पर विचार चल रहा है।
