धौलाधार के बीच चौकों-छक्कों की बरसात, चरम पर क्रिकेट का रोमांच; दुनिया ने देखा अद्भुत नजारा

Spread the love

धौलाधार की वादियों में स्थित क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मंगलवार को आईपीएल के 19वें संस्करण का पहले क्वालिफायर मैच का दर्शकों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। विराट कोहली की दीवानगी सिर चढ़कर बोली। हालांकि, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने भी बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस मुकाबले में गुजराज टाइटंस के प्रशंसक भी खासी संख्या में धर्मशाला पहुंचे थे।

स्टेडियम में हर ओर लाल रंग की जर्सियां और टोपियां नजर आ रही थीं। स्टेडियम कोहली-कोहली से गूंजता रहा। स्टेडियम में आरसीबी के झंडे गुजरात टाइटंस के मुकाबले अधिक नजर आ रहे थे। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल के प्रशंसक भी मुकाबला देखने पहुंचे थे। मैच शुरू होते ही स्टेडियम पूरी तरह से दोनों टीमों के समर्थकों से पैक हो गया। कोई भी स्टैंड इसके बाद खाली नहीं दिख रहा था। आरसीबी की पारी के दौरान कोहली जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, दर्शकों ने इसका भरपूर मजा लिया।

हालांकि, कोहली के आउट होने के बाद दर्शकों का उत्साह कुछ हो गया, लेकिन अपनी टीम की बल्लेबाजी के दौरान प्रशंसक हौसला बढ़ाते रहे। धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों के दौरान हमेशा क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखने को मिलता है।धर्मशाला में खेला गया आईपीएल का पहला क्वालिफायर मैच 4 से 5 मिनट देरी से शुरू हुआ। मैच के दौरान मैदान पर साइड स्क्रीन में कोई तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसके चलते मैच निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका।

धर्मशाला में मुकाबला शुरू होने तक बिकते रहे टिकट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को आईपीएल के क्वालिफायर मुकाबले के शुरू होने से पहले भी टिकटों की ऑनलाइन टिकटों की बिक्री जारी रही।

मैच शुरू होने से करीब दो घंटे पहले तक कुछ स्टैंडों में बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध रहीं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग स्टैंडों में 30 से 70 प्रतिशत तक सीटें उपलब्ध रहीं। सबसे ज्यादा सीटें नॉर्थ-2 लेवल-1 में उपलब्ध थीं, जहां 80 प्रतिशत सीटें उपलब्ध रहीं।इस स्टैंड के टिकट का दाम 12,500 रुपये रखा गया था। ईस्ट स्टैंड-3 में भी 75 प्रतिशत सीटें उपलब्ध थीं और यहां का टिकट मूल्य भी 12,500 रुपये रहा। पवेलियन टैरेस में 70 प्रतिशत सीटें उपलब्ध थीं, जहां टिकट 25 हजार रुपये का था।

आईपीएल क्लब लाउंज मेन पैवेलियन में 65 प्रतिशत सीटें उपलब्ध दिखीं। इस प्रीमियम स्टैंड का टिकट 30 हजार रुपये रखा गया था। वहीं, नॉर्थ पवेलियन स्टैंड में 50 प्रतिशत सीटें खाली थीं और यहां टिकट 9,500 रुपये का था। सामान्य दर्शकों वाले स्टैंडों में भी बड़ी संख्या में सीटें खाली नजर आईं। वेस्ट स्टैंड-1 में 40 प्रतिशत, वेस्ट स्टैंड-3 में 30 प्रतिशत और वेस्ट स्टैंड-2 में 25 प्रतिशत सीटें उपलब्ध थीं। इन तीनों स्टैंडों के टिकट सात हजार रुपये प्रति सीट रखे गए थे। 

राज्यपाल ने भी देखा मैच, अनुराग रहे मौजूद
प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने धर्मशाला में मंगलवार को खेले गए मुकाबले का लुत्फ लिया। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहे। एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए कई वीवीआईपी धर्मशाला पंहुचे हुए थे। इस दौरान राज्यपाल के साथ भारतीय टीम के चयनकर्ता आरपी सिंह, आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल सहित सांसद अनुराग ठाकुर भी मौजूद रहे। मैच के दौरान क्रिकेटर विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *