हिमाचल: अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले आदित्य का पोस्टमार्टम हुआ, आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

Spread the love

ओमान में अमेरिकी हमले के दौरान जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले के भालू गांव निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर का गुरुवार को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम किया गया। दो डॉक्टरों के दल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान आदित्य के चाचा सहित अन्य परिजन भी मौजूद रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आदित्य के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भालू ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पोस्टमार्टम के दौरान उपमंडल अधिकारी (नादौन) निशांत शर्मा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य भी शवगृह पहुंचे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।

आदित्य शर्मा की असामयिक मौत से पूरे हमीरपुर जिले में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गांव पहुंचने की संभावना है। क्षेत्रवासी नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *