हिमाचल: कमरे में फंदे से लटका मिला 16 वर्षीय छात्र का शव, DAV आलमपुर का था छात्र; स्कूल को बंद करने की मांग

Spread the love

थाना सुजानपुर के तहत पटलांदर में 16 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब माता-पिता उठे और बेटे को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक डीएवी आलमपुर का छात्र था। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात वह अपने माता-पिता के साथ कमरे में पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कराया जा रहा है।

छात्र की आत्महत्या पर फूटा गुस्सा, डीएवी स्कूल आलमपुर में प्रदर्शन
डीएवी स्कूल आलमपुर के जमा एक के छात्र द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के मामले में मंगलवार को परिजनों, ग्रामीणों तथा स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार लंबागांव खंड के भलूंदर गांव निवासी अनी, जो डीएवी स्कूल आलमपुर में जमा एक का छात्र था, ने सोमवार रात्रि सुजानपुर के पटलांदर में किराये के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र अपने माता-पिता के साथ पटलांदर में किराये के मकान में रहता था। उसके पिता सुजानपुर में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता सिलाई का काम करती हैं।

मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब छात्र द्वारा कथित रूप से लिखा गया एक सुसाइड नोट सामने आया। परिजनों के अनुसार नोट में छात्र ने स्कूल के कुछ अध्यापकों द्वारा डंडों से मारपीट किए जाने का उल्लेख किया है। सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

घटना के बाद मंगलवार को परिजन, ग्रामीण और अभिभावक स्कूल परिसर में एकत्र हुए तथा प्रिंसिपल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा प्रिंसिपल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

उधर, लंबागांव पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल को सुजानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। वहीं परिजन और ग्रामीण भी सुजानपुर थाना पहुंच गए हैं तथा मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *