
भरमौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण छड़ौला क्षेत्र में नाले पर बना अस्थायी पुल बह गया, जिससे करीब 25 श्रद्धालु रास्ते में फंस गए हैं। सभी श्रद्धालु स्थानीय लोगों के साथ बन्नी माता को छड़ौला नामक स्थान तक छोड़ने के बाद वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हुई भारी बारिश के चलते नाले पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया। इसके बाद श्रद्धालुओं का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार सुविधाएं नहीं होने के कारण प्रशासन को घटना की जानकारी मिलने में भी कठिनाई हुई।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। दुर्गम रास्ता होने के कारण बचाव दल के वीरवार दोपहर तक मौके पर पहुंचने की संभावना जताई गई है।
उपमंडल अधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव दल को रवाना कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार सुविधाओं का अभाव होने से संपर्क बनाए रखने में परेशानी आ रही है। इसके बावजूद प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि बचाव दल सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर वापस लाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और दुर्गम क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें।दिनका घार में पहाड़ी से मलबा आने पर भरमौर-चंबा सड़क बंद, दो घंटे से फंसे वाहन
लगातार हो रही बारिश के कारण भरमौर-चंबा मुख्य सड़क पर दिनका घार के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यातायात प्रभावित हो गया है।
मौके पर मौजूद वाहन चालक जीवन सिंह, राजीव, केवल और अमित ने बताया कि वे करीब दो घंटे से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक मलबा हटाने के लिए न तो कोई मशीनरी मौके पर पहुंची है और न ही संबंधित विभाग की टीम, जिससे यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
मार्ग बंद होने से भरमौर और चंबा के बीच आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द मलबा हटाकर सड़क पर यातायात बहाल करने की मांग की है।
