
ढलियारा के तीखे मोड़ों पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। कांगड़ा की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की सतर्कता और सूझबूझ से करीब 50 यात्रियों की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही ढलियारा के खूनी मोड़ के समीप पहुंची, चालक को वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने में कठिनाई महसूस हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत बस को पास के खुले स्थान की ओर मोड़ दिया। इससे बस गहरी खाई में गिरने से बच गई। बताया गया कि जिस स्थान पर बस रुकी, वहां से करीब 100 मीटर आगे खूनी मोड़ था।
हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री सहम गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
