
हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के लोहारली गांव में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान का शव सोमवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि कुमार पुत्र जगदीश, निवासी गांव लोहारली के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में कार्यरत थे और रविवार को ही छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे।
परिजनों के अनुसार रविवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद रवि कुमार अपने कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक शव नीचे उतारा जा चुका था।सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रवि कुमार विवाहित थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब ढाई वर्ष का बेटा है। जवान के असामयिक निधन से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
