
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को एक बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। मशोबरा में बीडीओ कार्यालय के उद्घाटन और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में करीब 48 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए मंच पर मंत्री अनिरुद्ध सिंह के साथ बैठे कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ओर इशारा किया और कहा कि ये जो हमारे जल्द ही मंत्री बनने वाले हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
मंच से सीएम ने दिया बड़ा संकेत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू का यह बयान खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से हिमाचल सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का सार्वजनिक मंच से किसी विधायक के जल्द मंत्री बनने की बात कहना राजनीतिक तौर पर बड़ा संकेत माना जा रहा है।मुख्यमंत्री ने हालांकि मंत्री पद की शपथ की तारीख या मंत्रिमंडल विस्तार की समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। लेकिन जिस तरह उन्होंने सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर सीधे कहा कि वह जल्द मंत्री बनने वाले हैं, उससे उनके नाम को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है।
फरवरी में भी विधानसभा में कर चुके हैं एलान
सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने की चर्चा नई नहीं है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने फरवरी 2026 में विधानसभा में भी कहा था कि कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर जल्द मंत्री बनेंगे। उस समय सदन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सुंदर सिंह ठाकुर के बीच हुई तीखी बहस के दौरान मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए यह बात कही थी।
अब एक बार फिर मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने की बात कही है। इससे माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया में उनके नाम को लेकर सरकार और कांग्रेस नेतृत्व के स्तर पर सहमति बन चुकी है।
मंत्रिमंडल में एक पद खाली
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में फिलहाल एक मंत्री पद खाली है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने जुलाई में भी कहा था कि मंत्रिमंडल में खाली पद को जल्द भरा जाएगा और इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद इस दिशा में निर्णय की उम्मीद है। ऐसे में अब मुख्यमंत्री का सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर दिया गया बयान इस खाली पद को भरने की कवायद से सीधे जोड़कर देखा जा रहा है।
