
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के अपर भागसूनाग स्थित कॉलिंग कैफे में चल रही रेव पार्टी पर रविवार तड़के पुलिस ने दबिश दी। कैफे से 5.35 ग्राम भांग के पत्ते, 25.94 ग्राम चरस और 1.25 ग्राम चिट्टा, नशे की पैकिंग सामग्री और बीयर के 19 कैन बरामद किए। पुलिस ने कैफे मालिक राकेश कुमार (39) निवासी लुगराओं, डाकघर बरोटी तहसील धर्मपुर और पश्चिम बंगाल के परगना निवासी विजित भट्टाचार्य (39) को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में मैक्लोडगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्तरी रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक सौम्या सांबशिवन ने किया। सौम्या ने बताया कि रविवार तड़के गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि अपर भागसू जंगल में स्थित कॉलिंग कैफे में रेव पार्टी चल रही है। दबिश देने पर अलग-अलग तरह का नशा बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 22 और 23 अगस्त को कैफे परिसर में रेव पार्टियों का आयोजन किया जा रहा था। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि इन आयोजनों से कौन-कौन लोग जुड़े थे और नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी। पुलिस को यह भी पता चला है कि इन पार्टियों का प्रचार सोशल मीडिया और एक-दूसरे से संपर्क साधकर किया जा रहा था। पुलिस ने प्रचार से संबंधित स्क्रीन शॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। इनका सत्यापन किया जा रहा है।
बिना लाइसेंस परोसी जा रही थी शराब
पुलिस की कार्रवाई में यह भी सामने आया कि जिस कैफे में पार्टी हो रही थी, उसके पास शराब परोसने या बेचने का लाइसेंस नहीं था। ऐसे में पुलिस ने आबकारी कानून के तहत भी कार्रवाई की है। कांगड़ा पुलिस अब रेव पार्टी के पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है। इसमें सोशल मीडिया प्रचार, आयोजकों की भूमिका और नशीले पदार्थों की उपलब्धता शामिल है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
कुल्लू जिले में भी होती रही हैं रेव पार्टियां
इससे पहले कुल्लू, मनाली, कसोल और जीभी में पर्यटन के नाम पर रेव पार्टियां हो चुकी हैं। पार्टियों पर शिकंजा न कसने पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कुल्लू पर स्थानांतरण की कार्रवाई भी प्रदेश सरकार की ओर से की जा चुकी है।
