
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड दर्ज की जा रही है। बीते दिन चंबा और लाहाैल-स्पीति की चोटियों पर बर्फबारी हुई। इससे ठिठुरन और बढ़ गई है। राज्य में 20 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। इनमें पांच स्थानों पर यह माइनस में है। सोलन का न्यूनतम तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया है। शिमला का रात का पारा भी लगातार गिर रहा है।
लाहौल-स्पीति के ताबो का रात का तापमान गिरकर -10.2 हो गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के पूह में स्थित नाको झील ठंड से जम गई है। पर्यटक झील पर स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं। चंबा के किलाड़ में 7.62 और चस्क, सुराल, परमार भटौरी और हुडान समेत ऊपरी गांवों में 15.24 सेंटीमीटर हिमपात हुआ। उधर, रोहतांग दर्रा, कोकसर, सिस्सू और अटल टनल रोहतांग के आसपास शाम 7:30 बजे बर्फबारी का दौर शुरू हुआ कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी की सूचना है।
मैदानी राज्यों में घने कोहरे के कारण रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना आधा घंटा देरी से पहुंची। हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी सुबह-शाम कोहरे का असर देखा गया। कालाअंब, पांवटा साहिब और नाहन क्षेत्र सुबह के समय कोहरे की चपेट में रहे। जिला कांगड़ा में सुबह धुंध छाई रही। सुंदरनगर में घना, मंडी में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 11 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली हुई है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान राज्य में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में ऊंची चोटियों को छोड़कर अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। मध्य पहाड़ी भागों में अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
शिमला में न्यूनतम तापमान 2.6, सुंदरनगर 3.3, भुंतर 2.1, कल्पा -4.2, धर्मशाला 3.4, ऊना 6.2, नाहन 6.2, पालमपुर 0.0, सोलन -0.6, मनाली 2.6, कांगड़ा 6.0, मंडी 4.5, बिलासपुर 6.0, हमीरपुर 8.6, जुब्बड़हट्टी 3.2, कुफरी 0.4, कुकुमसेरी -6.7, नारकंडा -1.5, रिकांगपिओ 0.1, सेऊबाग 0.0, बरठीं 4.7, कसाैली 4.4, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 4.1, देहरा गोपीपुर 8.0, ताबो -10.2, नेरी 8.7 व बजाैरा में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
