Himachal Weather Update: हिमाचल के कुछ जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट, जानें आज का मौसम हाल

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों कुल्लू, लाहौल और किन्नौर की चोटियों पर मंगलवार को फिर बर्फबारी हुई। शिमला के रिज मैदान पर फाहे गिरे। किन्नौर, कुल्लू व लाहौल में बुधवार काे हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। नागरिकों, पर्यटकों, ट्रैकर्स और वाहन चालकों को चेताया है कि ऊंचाई वाले एवं हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों की यात्रा न करें। ट्रैकिंग, पर्वतारोहण एवं साहसिक गतिविधियों से परहेज करें।

शिमला समेत निचले इलाकों में मंगलवार को बारिश दर्ज हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। ताजा बर्फबारी से जिला किन्नौर में काजा मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। मलिंग नाला के पास हाईवे पर बर्फ जमी है। जिले के छितकुल, नेसंग, रोपा वैली, आसरंग, कुन्नू चारंग, लिप्पा सहित कई ऊंचे क्षेत्रों में मंगलवार सुबह बर्फबारी हुई।
चंबा जिले की ऊपरी चोटियों पर भी पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। निचले क्षेत्रों में बारिश का क्रम दोपहर बाद शुरू हुआ। जिला कुल्लू और लाहौल की चोटियों में सोमवार रात को बर्फबारी हुई। सोमवार देर रात को अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास तीन जगह हिमखंड गिरने से मनाली-केलांग हाईवे तीन करीब एक घंटे तक फोर बाई फोर वाहनों के लिए अवरुद्ध रहा। गाड़ियों के साथ कुछ लोग भी फंसे रहे। लोगों ने खुद बर्फ हटाकर गाडि़यों को निकाला।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू व लाहौल में बुधवार को 2200 मीटर की ऊंचाई वाले संवदेनशील इलाकों में हिमखंड की चेतावनी जारी की है। मौसम में आए बदलाव से दोनों जिला के लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। सड़कों के साथ बिजली व पानी से लोगों की परेशानियां बरकरार हैं। मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 12.4, धर्मशाला में 19.1, ऊना में 21.4, नाहन में 17.7, सोलन में 18.0, मनाली में 3.0, कांगड़ा में 20.6 और मंडी में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

आज कुछ जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट, अन्य जगह मौसम साफ
प्रदेश के जलाशयों से सटे मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, सोलन व सिरमौर के कई क्षेत्रों में बुधवार को सुबह और शाम के समय घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 6 और 8 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 9 फरवरी को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।

क्षेत्रन्यूनतम तापमान
ताबो-6.4
कुकुमसेरी-3.6
कल्पा-1.2
मनाली1.4
शिमला3.0
धर्मशाला4.8
सोलन5.0
ऊना7.6
बिलासपुर8.0
कांगड़ा8.3
नाहन 8.5
मंडी9.1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *