
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 15 अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने को मंजूरी दे दी है। हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, बिलासपुर, सिरमौर, शिमला और मंडी जिलों के 15 और स्कूलों को शामिल करने से अब सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों की संख्या 15 पहुंच गई है। हमीरपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदरां, बटरान, रेल, जलाड़ी, जिला कांगड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरौह, गंगथ, ठाकुरद्वारा, जिला सोलन के चंडी, जोघो, बिलासपुर के पंजगाईं, सिरमौर के अंबोया, सराहन, जिला शिमला के मतियाना, मंडी के चौंतड़ा, कोटली स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रय पढ़ाने का फैसला लिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सीबीएसई संबद्धता से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रणाली और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का लाभ मिलेगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरी स्कूलों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य है। उधर, सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में व्याख्याता/पीजीटी (लोक प्रशासन) के पदों की निरंतरता को लेकर भी सरकार ने निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने ऐसे स्वीकृत पदों को उन अन्य सरकारी स्कूलों में स्थानांतरित करने की मंजूरी दी है, जहां विद्यार्थियों का नामांकन अधिक है और विषय वर्तमान में संचालित हो रहा है। इन पदों पर कार्यरत शिक्षकों का स्थानांतरण भी सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति से किया जा सकेगा। सरकार ने निदेशालय को निर्देश दिए हैं कि सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में लोक प्रशासन विषय को ऐच्छिक विषय के रूप में शुरू करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। इसके लिए भारत सरकार और सीबीएसई के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामला भी उठाया जाए।
