हिमाचल में मौसम बदला और बढ़ी सियासी हलचल… कसौली में हरियाणा के विधायक, सीएम संग लंच

Spread the love

मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव के मतदान को देखते हुए हरियाणा कांग्रेस के विधायकों को रविवार दोपहर शिमला से कसौली शिफ्ट कर दिया गया। आशंका जताई जा रही थी कि मौसम बिगड़ने की स्थिति में विधायक कुफरी में फंस सकते हैं और उनके सोमवार को हरियाणा पहुंचने में व्यवधान पैदा हो सकता है।

रविवार सुबह हरियाणा कांग्रेस के विधायकों और उनके साथ आए नेताओं ने नाश्ता किया। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे विधायक होटल ट्विन टावर गलू से रवाना होना शुरू हुए। इधर, सांसदों सहित अन्य वरिष्ठ नेता रेडिसन कुफरी से रवाना हुए। दोपहर करीब 1:30 बजे विधायक तीन अर्बेनिया गाड़ियों और अन्य वाहनों में सामान के साथ छराबड़ा की ओर रवाना हुए। इससे पहले सुरक्षा के मद्देनजर तैनात क्यूआरटी की टीम को भी अग्रिम रूप से छराबड़ा भेज दिया गया था। दोपहर 2:10 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का काफिला शिमला से छराबड़ा स्थित होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल पहुंचा, जहां हरियाणा के विधायकों का काफिला भी पहुंचा।
मुख्यमंत्री ने यहां विधायकों के साथ लंच किया। करीब 3:50 बजे मुख्यमंत्री सुक्खू का काफिला होटल से शिमला के लिए रवाना हुआ। इसके लगभग 20 मिनट बाद हरियाणा कांग्रेस के विधायकों के वाहनों का काफिला भी शिमला पुलिस की एस्कॉर्ट के साथ कसौली के लिए निकल गया।

शाम 6:50 कसौली के होटल में पहुंचे
हरियाणा कांग्रेस के विधायक रविवार शाम हल्की बारिश के बीच कसौली पहुंचे। तीन गाड़ियों में सभी विधायक शाम करीब 6:50 बजे सभी कसौली के समीप सनावर गांव स्थित रमाडा होटल पहुंचे। यहां पर इनके लिए करीब 40 कमरे होटल में बुक हैं। इधर, शनिवार को सैर सपाटे व लंच के लिए चायल के समीप आईटीसी के होटल में पहुंचे थे। कुछ देर तक यह यहां पर टहले और चायल की ठंडी वादियों का नजारा लिया। सभी विधायक शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे पर होटल पहुंचे थे और 5:00 बजे कुफरी की ओर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *