पति के निधन के बाद खाता बंद कराने आई महिला को मिले दो लाख; इस बीमा का मिला लाभ

Spread the love

पति की मौत के बाद कोहलू की क्वाली की राधा अपनी सास के साथ घणाहट्टी की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता बंद करने आई तो बैंक ने बीमा योजना के तहत महिला के खाते में दो लाख की राशि जमा कर दी। यह मृतक के परिवार, माता और पत्नी के लिए इस दुख की घड़ी में बहुत बड़ी राहत थी।

मृतक अवतार सिंह की मां और उसकी पत्नी फरवरी में बैंक में अवतार का खाता बंद करवाने के लिए आईं थीं। यहां बैंक मैनेजर दिनेश सिंह ठाकुर और स्टाफ ने जब खाते को खंगाला तो मालूम हुआ कि मृतक ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना का सालाना 436 रुपये का प्रीमियम जमा करवाया था। इस पर मृतक के परिजनों, नॉमिनी को दो लाख तक का क्लेम मिलता है।बैंक मैनेजर ने इसको लेकर पत्नी राधा और अवतार की माता को जानकारी दी तथा इस बीमा राशि का क्लेम लेने के लिए औपचारिकताओं को पूरा करने को कहा। बैंक प्रबंधक ने क्लेम की प्रक्रिया को पूरा करवाने के बाद मंगलवार को मृतक की पत्नी राधा और मां को उनके खाते में दो लाख की राशि जमा हो जाने की जानकारी दी। अवतार घर का अकेला कमाने वाला व्यक्ति था जिसकी कमाई से परिवार चलता था।

बैंक की ओर से दी गई दो लाख की यह राशि इस परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। मृतक की पत्नी राधा ने बताया कि उनके पति टैक्सी चलाते थे, बीमार पड़ने के बाद उनका निधन हो गया। इन्हें बीमा करवाने की कोई जानकारी नहीं थी। बैंक में आकर ही उन्हें मालूम हुआ और उन्होंने खाता बंद करवाने तथा क्लेम लेने की प्रक्रिया को बैंक स्टाफ के सहयोग पूरा किया। ऐसी दुख की घड़ी में उनके लिए यह पैसा मिलना बड़ी राहत है।

खाते में स्थानांतरित कर दी है धनराशि
बैंक मैनेजर दिनेश सिंह ठाकुर ने बताया कि दो लाख महिला के खाते में स्थानांतरित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि बैंक अपने खाता धारकों को ऐसी दुख की घड़ी में आर्थिक मदद करने के लिए ही खाता धारक को नाममात्र की सालाना राशि जमा करवाने पर क्लेम देता है। खाता धारक बैंक की किसी भी शाखा से इस तरह की बीमा योजनाओं का पता कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *