
हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों में रविवार को लू के चलते भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को भी मैदानी जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है। 28 अप्रैल से 2 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि के आसार हैं।
मंगलवार को शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और अचानक मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। ऊना में रविवार सुबह नौ बजे के बाद झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। गेहूं की कटाई के लिए लगे किसान अब मजदूरों के बजाय मशीनों का सहारा ले रहे हैं।
रविवार को भी जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इसके अलावा हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा में भी पारा काफी बढ़ गया है। लोग दिन के समय कम ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। अधिकतम तापमान बढ़ने के साथ ही रात के पारे में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। शनिवार रात को पांवटा साहिब में न्यूनतम पारा 23.0, देहरा गोपीपुर में 22.0, ऊना में 19.0, नाहन में 18.7, शिमला-धर्मशाला में 18.0, मंडी में 17.4, सोलन में 15.0 और कल्पा में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
अधिकतम पारा (डिग्री सेल्सियस में)
| ऊना | 41.8 |
| कांगड़ा | 36.6 |
| बरठीं | 35.6 |
| धर्मशाला | 34.1 |
| बिलासपुर | 37.5 |
| सुंदरनगर | 36.8 |
| मंडी | 36.0 |
| नाहन | 35.0 |
| शिमला | 27.2 |
