
जिला परिषद बिलासपुर के सभी 14 वार्डों के नतीजे घोषित
जिला परिषद बिलासपुर के सभी 14 वार्डों के चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। मतगणना पूरी होने के साथ ही जिले की नई जिला परिषद की तस्वीर भी साफ हो गई है। चुनाव परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों और भाजपा विचारधारा से जुड़े निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला, जबकि कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। सबसे पहले घंडालवीं वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार जमना देवी ने जीत हासिल की। गाहर वार्ड से रक्षा कुमारी विजयी रहीं। कुठेड़ा वार्ड में निशु देवी ने बाजी मारी, जबकि ननावां वार्ड से प्रोमिला देवी ने जीत दर्ज की। बड़गांव वार्ड से नरेंद्र कुमार ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की, हालांकि उन्हें भाजपा विचारधारा से जुड़ा माना जाता है।
रोहल वार्ड से भाजपा समर्थित जरनैल सिंह ने जीत दर्ज की। जेजवीं वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार आशा देवी विजयी रहीं। जांगला वार्ड से देवांश चंदेल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीता। बामटा वार्ड से भाजपा समर्थित सपना कुमारी ने जीत हासिल की, जबकि बरमाणा वार्ड से भाजपा समर्थित अशोक कुमार ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए जिला परिषद में प्रवेश किया।
नम्होल वार्ड से सुरभि ठाकुर विजयी रहीं। वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में थीं, लेकिन उनकी विचारधारा भाजपा से जुड़ी मानी जाती है। जुखाला वार्ड से भाजपा समर्थित लेख राम ने जीत हासिल की। स्वाहण वार्ड से अधिवक्ता रतन चंद ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजय प्राप्त की, जबकि कोटखास वार्ड से भाजपा समर्थित तरसेम सिंह ने जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों के बाद समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला।
विभिन्न क्षेत्रों में विजयी उम्मीदवारों के स्वागत के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया गया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस बार जिला परिषद में भाजपा समर्थित और भाजपा विचारधारा से जुड़े सदस्यों की संख्या अधिक रहने से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित खेमे की पकड़ मजबूत दिखाई दे रही है। हालांकि कुछ निर्दलीय सदस्यों की भूमिका भी आगामी समीकरणों में महत्वपूर्ण रहने वाली है।
शिमला में जिला परिषद कुपवी वार्ड.13 से मन्नत टेगवान ने जीत हासिल की
शिमला में जिला परिषद कुपवी वार्ड नंबर 13 से मन्नत टेगवान ने जीत हासिल की है। मन्नत की जीत का मार्जन 1429 वोट रहा।सिरमौर जिला परिषद चुनाव: नौहराधार से हंसराज और शिलाई से इंदु की बड़ी जीत, देखें सभी वार्डों के चुनावी नतीजे
सिरमौर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के तहत जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के नतीजे पूरी तरह साफ हो गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा द्वारा जारी अंतिम परिणाम सूची के अनुसार, जिले के विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो गया है। कहीं मुकाबला बेहद कड़ा रहा, तो कहीं उम्मीदवारों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से धूल चटाई।
नौहराधार में हंसराज की एकतरफा आंधी, शिलाई से इंदु विजयी
वार्ड नंबर 01 (नौहरा): इस वार्ड में हंसराज की एकतरफा आंधी देखने को मिली। वह 9,101 वोट पाकर विजेता बने। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राम किशन को भारी मतों के अंतर से शिकस्त दी, जिन्हें केवल 4,229 मत मिले। इसके अलावा मोहन लाल को 2,524 और नीरज कुमार को 1,777 मत प्राप्त हुए। यहां कुल डाले गए 18,004 वोटों में से 17,631 मत वैध पाए गए, 263 मत अस्वीकृत हुए और 110 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।
वार्ड नंबर 04 (शिलाई) में इंदु ने बाजी मारते हुए चन्द्रकला को मात दी। विजेता इंदु को 10,127 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी चन्द्रकला को 9,353 मतों से संतोष करना पड़ा। इस वार्ड में कुल 20,090 वोट पड़े, जिसमें से 19,480 मत वैध रहे, 446 खारिज हुए और 164 नोटा के खाते में गए।
वार्ड नंबर 03 (रास्त) में इस वार्ड में महिलाओं के बीच जोरदार सियासी जंग देखने को मिली। यहां सुनीता देवी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी तारा देवी को 2,411 मतों से पराजित किया। सुनीता देवी को 11,723 मत और तारा देवी को 9,312 मत मिले। वार्ड में कुल मतदान 21,676 रहा, जिसमें से 459 मत अवैध पाए गए और 182 वोट नोटा को मिले।
वार्ड नंबर 13 (ददाहू) में कुब्जा पवेलियन ददाहू में हुई मतगणना के अनुसार, इस त्रिकोणीय मुकाबले में शिवानी ने बाजी मारी। शिवानी ने 9,874 मत हासिल कर कमलेश कुमारी (8,265 मत) को पछाड़ दिया। तीसरे स्थान पर रहीं उमा रानी को 1,407 मत मिले। यहां कुल पड़े 20,292 वोटों में से 19,546 मत वैध पाए गए, 503 वोट रद्द हुए और 243 वोट नोटा के खाते में दर्ज किए गए।
वार्ड नंबर 12 (त्रिलोकपुर) में प्रोमिला देवी ने 10,218 मत लेकर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अराधना (9,128 मत) पर बढ़त बनाई। यहां कुल 19,346 वैध मत पड़े, 596 खारिज हुए और 435 नोटा को मिले। वार्ड नंबर 11 (बनकला) में इस वार्ड में अंकिता शर्मा और भारती देवी के बीच कांटे की टक्कर रही। अंकिता शर्मा को 8,622 मत और भारती देवी को 8,361 मत मिले। तीसरे स्थान पर रहीं नीलिमा थापा को 609 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड नंबर 14 (सराहां) में बलदेव सिंह ने 7,078 मत लेकर बढ़त हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी अजय शर्मा को 6,302 मत, सूर्यकान्त को 3,905 मत, सुरेंद्र मोहन को 492 मत और सतिन्दर को 460 मत मिले। वार्ड नंबर 15 (लाना भल्टा) में लेख राज 6,286 मत लेकर सबसे आगे रहे, जबकि अंकित चावला को 5,532 मत और राज कुमार को 2,789 मत हासिल हुए।
वार्ड नंबर 16 (करगाणु) में विकास खंड राजगढ़ के इस वार्ड में रीतू बाला ने उमा कुमारी को नजदीकी मुकाबले में पीछे छोड़ दिया। रीतू बाला को 8,406 मत और उमा कुमारी को 8,040 मत मिले। वार्ड नंबर 17 (नेरी कोटली) में राजगढ़ खंड के ही इस वार्ड में सरोज बाला को 4,904 मत, नीरज लता को 4,444 मत और सुनीता जाल्टा को 3,914 मत प्राप्त हुए।
वार्ड नंबर 02 (दाना घाटों) में संगड़ाह खंड के इस वार्ड में अंकिता ठाकुर ने 10,939 मत लेकर अपनी प्रतिद्वंद्वी राधा देवी (7,717 मत) पर बड़ी बढ़त बनाई।
वार्ड नंबर 10 (धौलाकुआं) में ददाहू विकास खंड में हुई मतगणना के अनुसार, सीमा देवी ने 2,853 मतों के साथ सबसे अधिक वोट बटोरे। वहीं भगवान दास को 1,832 मत, रमणीक सिंह को 1,689 मत और योगेश कुमार को 152 मत मिले।
| वार्ड | विजेता / अग्रणी | मत | निकटतम प्रतिद्वंद्वी | मत | जीत का अंतर |
|---|---|---|---|---|---|
| 01 – नौहरा | हंसराज | 9,101 | राम किशन | 4,229 | 4,872 |
| 02 – दाना घाटों | अंकिता ठाकुर | 10,939 | राधा देवी | 7,717 | 3,222 |
| 03 – रास्त | सुनीता देवी | 11,723 | तारा देवी | 9,312 | 2,411 |
| 04 – शिलाई | इंदु | 10,127 | चन्द्रकला | 9,353 | 774 |
| 11 – बनकला | अंकिता शर्मा | 8,622 | भारती देवी | 8,361 | 261 |
| 12 – त्रिलोकपुर | प्रोमिला देवी | 10,218 | अराधना | 9,128 | 1,090 |
| 13 – ददाहू | शिवानी | 9,874 | कमलेश कुमारी | 8,265 | 1,609 |
| 14 – सराहां | बलदेव सिंह | 7,078 | अजय शर्मा | 6,302 | 776 |
| 15 – लाना भल्टा | लेख राज | 6,286 | अंकित चावला | 5,532 | 754 |
| 16 – करगाणु | रीतू बाला | 8,406 | उमा कुमारी | 8,040 | 366 |
11:07 AM, 01-JUN-2026
शोघी से कमलेश, जुन्गा से सीमा सेन जीतीं
जिला शिमला में पंचायत समिति सदस्यों के चुनावी नतीजे रविवार को घोषित कर दिए गए हैं। शिमला शहर से सटे पंचायत समिति वार्ड शोघी में कमलेश, जुन्गा से सीमा सेन, मल्याणा से कुलदीप वर्मा, बढ़ई से विक्रम ठाकुर और मशोबरा से निरम सिंह चुनाव जीत गए हैं। जिला शिमला में पंचायत समिति सदस्यों (बीडीसी) के सभी 211 पदों के चुनाव परिणाम रविवार देर रात घोषित हो गए हैं। इन पदों के लिए कुल 759 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। पंचायत समिति सदस्यों के लिए सुबह 9:00 बजे से शुरू हुआ मतगणना का दौर देर रात 12:00 बजे तक चला। शिमला शहर से सटे विकास खंड मशोबरा में सुबह 11:40 बजे से चुनाव रूझान आना शुरू हो गए थे। सबसे पहले मशोबरा वार्ड का चुनाव नतीजा सामने आया। यहां निरम सिंह ने जीत हासिल की। इसके बाद गुम्मा से गोपाल सिंह वर्मा को विजेता घोषित किया गया। मतगणना केंद्र के बाद जैसे जैसे चुनाव परिणाम घोषित होते गए, समर्थक अपने प्रत्याशियों को फूल मालाएं पहनाकर जश्न में डूबते गए। दोपहर 1:00 बजे के बाद तेजी से नतीजे आने शुरू हो गए। देर रात 10:00 बजे तक 170 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव नतीजे घोषित किए गए। मशोबरा की नालदेहरा और भौंट और कोटला पंचायत समिति के नतीजे देर रात करीब 11:00 बजे घोषित हुए।
11:01 AM, 01-JUN-2026
शिमला जिले में कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की सेंध, पिछली बार जीतीं थी मात्र 4 सीटें
शिमला जिले में तीन मंत्री और चार विधायकों वाली कांग्रेस इस बार शिमला में कमजोर पड़ती नजर आ रही है। रविवार देर रात तक घोषित किए गए 18 वार्डों के चुनावी नतीजों में कांग्रेस को भाजपा से कड़ी टक्कर मिली है। जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने के लिए कांग्रेस को अब अन्य विजेता प्रत्याशियों का सहारा लेना पड़ सकता है। साल 2021 में हुए जिला परिषद के पिछले चुनाव में कांग्रेस अपने दम पर 24 में से 13 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने में सफल रही थी। इसके बाद कुछेक अन्य सदस्यों का भी कांग्रेस को समर्थन मिला था। वहीं, भाजपा महज चार सीटों पर सिमट गई थी। इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है।
जिला कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों में से सात पर कांग्रेस का कब्जा है। इसके बावजूद देर रात तक आए चुनावी नतीजों में भाजपा 7 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही है। पार्टी बहुमत से अभी भले ही दूर है, लेकिन पिछले चुनाव में हुए प्रदर्शन में सुधार किया है। बाकी बचे सात वार्डों में यदि भाजपा कुछ और सीटें जीतती है तो यहां कांग्रेस को सत्ता हासिल करने के लिए मशक्कत करनी पड़ सकती है। भाजपा ने ठियोग, कसुम्पटी, रामपुर, छौहारा विकास खंड की कई हॉट सीटों पर जीत हासिल
की है।
अनीता शर्मा ने इस बार बजाया जीत का डंका
टुटू विकास खंड के तहत आने वाले जिला परिषद वार्ड हलोग धामी वार्ड से अनीता शर्मा ने जीत हासिल की है। अनीता पिछले चुनाव में प्रभा शर्मा से हार गई थी। इस बार अनिता ने 7364 मत हासिल कर भाजपा की कमलेश शर्मा को 1129 मतों से हराया। कमलेश शर्मा को 6235 मत हासिल हुए।
सात वार्डों में मतगणना जारी इन्हीं से तय होगी सरदारी
जिला परिषद के 25 में से 18 वार्डों की मतगणना देर रात 1:00 बजे पूरी कर ली गई है। अभी सात वार्डों में मतगणना बाकी है। जिला परिषद के बल्देयां वार्ड में देर रात 1:30 बजे तक मतगणना पूरी नहीं हुई है। इसी तरह खटनोल, बगलती, चंदलोग नेरूवा, गोरली मड़ावग, घोड़ना और चड़ोली वार्ड में भी मतगणना जारी है। इनके नतीजे तय करेंगे कि जिला परिषद की सत्ता किस पार्टी के हाथ लगने वाली है।
जिला परिषद (जिप) वार्ड विजेता
| क्र.सं. | वार्ड नाम | विजेता का नाम | दल |
|---|---|---|---|
| 1 | चमियाना | खुश विक्रमसेन | भाजपा |
| 2 | बढ़ई | प्रियंका तनवर | अन्य |
| 3 | हलोग-धामी | अनिता शर्मा | अन्य |
| 4 | त्यावल-ज्यूरी | अनुराधा | कांग्रेस |
| 5 | झाकड़ी | ममता | भाजपा |
| 6 | नरैण | रॉनी | भाजपा बागी |
| 7 | सीमा रंटाड़ी | सुरेंद्र रेटका | कांग्रेस |
| 8 | क्वार | मंजीत सिंह | भाजपा |
| 9 | खशधार | धमेंद्र | भाजपा |
| 10 | भलूण | कल्पना | भाजपा |
| 11 | टिक्कर | भरत कलांटा | कांग्रेस |
| 12 | सरस्वती नगर | नेहा मेहता | कांग्रेस |
| 13 | बढ़ाल | मीनाक्षी | कांग्रेस |
| 14 | कलबोग | रेखा चौहान | कांग्रेस |
| 15 | क्यार | आशा कंवर | कांग्रेस |
| 16 | टियाली | नेहा जगटा | भाजपा |
| 17 | कुमारसैन | तारादेवी | भाजपा |
| 18 | भुट्टी | संदीप | अन्य |
10:51 AM, 01-JUN-2026
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर, अन्यों के हाथ में चाबी
जिला परिषद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों पार्टियों में अगर मुकाबला बराबरी का रहता है तो अन्यों के हाथ में सत्ता की चाबी रहेगी। इसमें भाजपा और कांग्रेस से ऐसे कई उम्मीदवार हैं जिन्होंने पार्टी का समर्थन नहीं मिलने पर चुनावी ताल ठोंक दी थी। देर रात 12:30 बजे तक 25 में से 18 वार्डों के परिणाम आ चुके थे। इसमें कांग्रेस और भाजपा 7-7 सीटों के साथ बराबरी पर थी जबकि 4 सीटों पर अन्यों ने जीत का परचम लहराया।
रविवार को जिला परिषद की सबसे पहली सीट कवार से चुनावी नतीजे आए जिसमें की भाजपा समर्थित मंजीत सिंह ने जीत दर्ज की। इस तरह से भाजपा ने जीत के साथ खाता खोला और एक सीट की बढ़त हासिल की। इसके बाद ब्लॉक ठियोग के क्यार वार्ड का परिणाम आया जिसमें कांग्रेस समर्थित आशा कंवर ने जीत का परचम लहराया।
इस तरह से दोनों ही पार्टियां एक-एक सीट के साथ बराबरी पर पहुंच गई। ब्लॉक रामपुर में भाजपा की अनुराधा और झाकडृी से भाजपा की ममता विजेता बनीं हैं जबकि नरैण वार्ड से रॉनी (अन्य) विजेता बने हैं हालांकि रॉनी भाजपा के बागी हैं। ब्लॉक छौहारा में भाजपा का पलड़ा भारी है। यहां सीमा रंटाडी से कांग्रेस के सुरेंद्र रेटका विजयी हुए। सुरेंद्र पिछले बार जिला परिषद के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और उन्होंने लगातार तीन बार जिला परिषद का चुनाव जीता है।
वह जिला परिषद अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। क्वार सीट से भाजपा समर्थित मंजीत और धमेंद्र ने जीत दर्ज की है। ब्लॉक रोहडू़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-एक सीट पर विजयी रहीं है। यहां पर भलूण से भाजपा की कल्पना और टिक्कर से कांग्रेस समर्थित भरत सिंह कलांटा विजेता रहे। देर रात तक कांग्रेस सात और और भाजपा 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी लेकिन रात एक बजे चमियाना सीट से भाजपा समर्थित खुश विक्रम सेन की जीत के साथ भाजपा ने बराबरी हासिल कर ली है। हालांकि बाकी सात सीटों के परिणाम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगा कि किसके हाथ सत्ता की चाबी होगी।
खुश विक्रम सेन की प्रचंड जीत, आधी रात को जश्न
राजधानी शिमला से सटे जिला परिषद चमियाना वार्ड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार खुश विक्रम सेन ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भूपेंद्र कंवर को करारी शिकस्त देकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की है। इस सीट पर हुए मुकाबले में खुशविक्रम सेन ने कांग्रेस उम्मीदवार को सीधे तौर पर 9981 मतों के भारी अंतर से पराजित कर दिया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया, जबकि कांग्रेस खेमे में मायूसी छा गई। खुश विक्रम सेन को 13752 वोट मिले जबकि भूपेंद्र कंवर को सिर्फ 3771 वोट हासिल हुए।
जुब्बल-कोटखाई में कांग्रेस का दबदबा
ब्लॉक जुब्बल और जुब्बल-कोटखाई में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज की है। यह कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर का विस क्षेत्र है। ब्लॉक जुब्बल की सरस्वती नगर सीट में कांग्रेस समर्थित नेहा ने जीतीं। वहीं ब्लॉक जुब्बल कोटखाई की बढ़ाल से कांग्रेस समर्थित मीनाक्षी ने जीत का परचम लहराया है। ब्लॉक कोटखाई की कलबोग सीट से कांग्रेस समर्थित रेखा चौहान विजेता बनीं हैं। इस तरह से कांग्रेस ने यहां पर सभी सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की है। ठियोग ब्लॉक में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच बराबरी का मुकाबला रहा है। क्यार से कांग्रेस समर्थित आशा कंवर और टियाली से भाजपा समर्थित नेहा जगटा विजेता रहीं। ब्लॉक नारकंडा में एक सीट भाजपा के नाम रही जबकि दूसरी सीट अन्य ने जीती।
