
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज तहसील से संबंध रखने वाले युवा खिलाड़ी समर्थ अत्री का चयन एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त 2026 तक देहरादून में आयोजित होगी, जिसमें समर्थ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता से पहले समर्थ अत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने समर्थ को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत कर रही है, ताकि युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि समर्थ अत्री ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाकर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें उम्मीद है कि समर्थ एशियन ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदर्शन के दम पर मिला मौका
समर्थ अत्री शिमला के ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वह पिछले छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उनका चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ था। प्रतियोगिता के बाद आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए भारतीय टीम में स्थान मिला। समर्थ के चयन से हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।
