हमीरपुर में टैक्सी किराये को लेकर विवाद, चालक को पीटा; पुलिस चौकी प्रभारी से भी हाथापाई

Spread the love

हमीरपुर जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के मनोह स्थित पेट्रोल पंप पर टैक्सी किराये को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक यात्री ने टैक्सी चालक की कथित तौर पर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। घायल टैक्सी चालक की पहचान दिनेश कुमार (48) पुत्र राम सिंह, निवासी गुटकर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। वहीं, मारपीट के आरोपी की पहचान प्रदीप राणा पुत्र जगदीश, निवासी नुहाड़ा, डाकघर दिम्मी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार किराये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने टैक्सी चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने चालक को जमीन पर गिराकर जूतों से भी पीटा। इस हमले में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर काफी खून बह गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची जाहू पुलिस ने घायल चालक को बेहोशी की हालत में भोरंज सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे आरकेएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

आरोपी ने पुलिस टीम से भी की हाथापाई
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मियों के साथ भी हाथापाई कर दी। इस दौरान जाहू पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार को चोटें आईं। आरोपी के बेकाबू होने और पुलिस को धमकियां देने के बाद भोरंज थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। इस मामले में थाना भोरंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 121(1) और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हमीरपुर में कबाड़ की दुकान से एल्यूमिनियम-तांबा चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार; 40 किलो एल्यूमिनियम बरामद
सदर थाना हमीरपुर के तहत पक्का भरो में कबाड़ की दुकान से एल्यूमिनियम, तांबा और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 किलो एल्यूमिनियम बरामद किया है। आरोपियों ने चोरी किया गया यह सामान एक कबाड़ की दुकान में करीब छह हजार रुपये में बेच दिया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज और राजीव, निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी सूरज कबाड़ का काम करता है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूरज पर चोरी और चिट्टा से जुड़े करीब सात मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि राजीव पर चोरी और मारपीट के करीब तीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब पुलिस पूछताछ के माध्यम से चोरी किए गए अन्य सामान तांबा और पीतल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

दीवार क्षतिग्रस्त होने का उठाया फायदा
पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद आजाद ने बताया कि उन्होंने तांबा, एल्यूमिनियम सहित अन्य सामान एक स्थान पर स्टोर कर रखा था। जहां तांबा रखा गया था, उस मकान की एक दीवार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। आशंका है कि चोरों ने इसी रास्ते से अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी किए गए सामान की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है। चोरी की घटना का पता रविवार सुबह चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अब दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *