हिमाचल: कंगना के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, नरेश चौहान बोले- भाजपा बताए क्या यही पार्टी की आधिकारिक लाइन है?

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने सांसद कंगना रनौत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और इस तरह के बयान समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के सामने नहीं आने चाहिए। नरेश चौहान ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से पूछा कि क्या कंगना रनौत का बयान भाजपा की आधिकारिक लाइन है। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते कंगना रनौत को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।

एक अन्य सवाल के जवाब में नरेश चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को देश का सबसे अमीर मुख्यमंत्री बताए जाने के दावों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनके अनुसार, एडीआर की रिपोर्ट वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दाखिल चुनावी शपथपत्र (एफिडेविट) पर आधारित है।

यदि रिपोर्ट को सही संदर्भ में देखा जाए तो मुख्यमंत्री की संपत्ति के आधार पर उनका स्थान 17वां है, जबकि उन्हें सबसे अमीर मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संपत्ति का पूरा विवरण सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध है और पिछले 20 वर्षों से विधायक होने के कारण उनकी संपत्ति की जानकारी पहले से सार्वजनिक है।

विक्रमादित्य बोले, देवी-देवता कंगना को सद्बुद्धि दें
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर सांसद कंगना रनौत के बयान को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है। सैंज दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री युवाओं को अपना मित्र बताकर उनसे संवाद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सांसद युवाओं को कूड़ा-कचरा बता रही हैं। प्रधानमंत्री सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से युवाओं से सीधे संवाद कर रहे हैं।

युवाओं को देश की ताकत बता रहे हैं। ऐसे में युवाओं के प्रति सांसद की इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मंडी की सांसद कंगना रनौत अपने बयानों को लेकर चर्चा में आई हैं। वह इस तरह की बयानबाजी के लिए पहले से ही सुर्खियों में रही हैं।कंगना रनौत हमेशा उलट-शुल्ट और बिना सिर-पैर के बयान देती रहती हैं। मैं सैंज घाटी के सभी देवी-देवताओं से प्रार्थना करता हूं कि हमारी बहन कंगना रनौत को सद्बुद्धि प्रदान करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *