संस्कृत विवि के दो छात्र संदिग्ध हालात में लापता, ब्यास नदी के किनारे मिले बैग

Spread the love

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर बलाहर में अध्ययनरत शास्त्री प्रथम वर्ष के दो नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। सोमवार सुबह घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकले दोनों छात्र देर शाम तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर देहरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर व्यापक तलाश अभियान शुरू कर दिया है। छात्रों के लापता होने की हरिपुर तहसील के बगरोट निवासी रमन कुमार ने पुलिस थाना देहरा में शिकायत दर्ज करवाई है।

इसमें उन्होंने कहा कि उनका 17 वर्षीय बेटा कृष शर्मा और 17 वर्षीय भतीजे सक्षिव शर्मा सोमवार को सुबह आठ बजे विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। इसके बाद शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश नाकाम रहने और दोनों फोन स्विच ऑफ मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।इसके बाद पुलिस ने परिजनों के साथ विश्वविद्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्रों तथा संभावित रास्तों पर गहन तलाशी अभियान शुरू किया।

इस दौरान लोअर सुनहेत क्षेत्र में ब्यास नदी के किनारे दोनों छात्रों के बैग बरामद हुए हैं। ब्यास नदी किनारे बैग मिलने के बाद नदी में बह जाने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। देहरा पुलिस, ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की सहायता से नदी व आसपास के संभावित क्षेत्रों में गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

एसपी देहरा संदीप धवल ने कहा कि दोनों छात्रों की तलाश के लिए उपलब्ध सभी तकनीकी, मानवीय एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है। पुलिस टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं और परिजनों, स्थानीय लोगों तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। संभावित सभी स्थानों की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *