हिमाचल में दर्दनाक हादसा: चलती कार पर भराकर गिरी भारी चट्टान; एक की मौत; दो गंभीर घायल

Spread the love

शिमला-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के दसेरन में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी भरकम चट्टान चलती कार पर आ गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।चट्टान गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। करीब एक घंटे तक बचाव कार्य चलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को पहले दाड़लाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।हादसे में क्षतिग्रस्त कार का पंजीकरण नंबर एचपी-52ए-7197 बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल हादसे में मृतक और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *