HPBOSE Result: छह अंक बढ़े…नौवें से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंची ऊना की मुस्कान ठाकुर

Spread the love

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा की फाइनल मेरिट सूची जारी कर दी गई है। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के परिणामों के बाद जारी इस अंतिम सूची में व्यापक स्तर पर फेरबदल हुआ है। संशोधन के बाद 20 नए विद्यार्थियों ने फाइनल मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। इसके बाद अब बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 95 विद्यार्थियों का कब्जा हो गया है। पीएमश्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंधला की छात्रा मुस्कान ठाकुर के 6 अंक बढ़े हैं। इससे मुस्कान नौवें से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। अंकों में आए इस बड़े अंतर से विद्यार्थियों की पुरानी रैंकिंग में भारी उलटफेर हुआ है। 

बोर्ड की ओर से पूर्व में जारी प्रोविजनल मेरिट सूची में तीसरे स्थान पर केवल एक छात्रा काबिज थी। अब फाइनल सूची में स्थिति बदल चुकी है और 493 अंक हासिल कर हमीरपुर की गौरी शर्मा समेत तीन अन्य विद्यार्थी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

विभिन्न श्रेणियों में हुए बदलावों के तहत तीसरे रैंक पर दो, चौथे पर एक, सातवें पर एक, आठवें और नौवें रैंक पर दो-दो नए विद्यार्थी जुड़े हैं। सबसे अधिक फेरबदल 10वें रैंक पर देखने को मिला है, जहां 12 नए विद्यार्थियों ने फाइनल मेरिट सूची में अपना स्थान पक्का किया है। पुनर्मूल्यांकन के बाद इतनी बड़ी तादाद में विद्यार्थियों के मेरिट में आने से प्रोविजनल परिणाम की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। बोर्ड ने इस संशोधित मेरिट सूची की अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि अंतिम सूची पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद तैयार की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *