# लगातार भूस्खलन से बढ़ा घरों के जमींदोज होने का खतरा|

Spread the love

चंबा शहर के चौगान वार्ड के कश्मीरी मोहल्ले में लगातार हो रहे भूस्खलन से कई घरों के जमींदोज होने का खतरा बढ़ गया है। मंगलवार को डीसी मुकेश रेपस्वाल की अगुवाई में प्रशासनिक दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने एसडीएम और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश भी जारी किए। इस दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद खालिद मिर्जा सहित मोहल्ला निवासी भी मौजूद रहे।

लोगों ने उपायुक्त को बताया कि वर्ष 1971 से यहां भूस्खलन हो रहा है। इसे रोकने के लिए यदि जल्द प्रभावी कदम न उठाए गए तो कई मकान जमींदोज हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि गत दिनों हुई बारिश के बाद भूस्खलन का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। इसकी सूचना गत दो फरवरी को एसडीएम चंबा को दी गई थी।

उन्होंने तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग सहित वार्ड से मोहल्ले का निरीक्षण भी करवाया गया था। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया, लेकिन भूस्खलन की रोकथाम के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। लिहाजा समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि पूरे कश्मीरी मोहल्ले का अस्तित्व भी मिट सकता है। इससे पहले दो मकान जमींदोज हो चुके हैं।


डीसी मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि एसडीएम को जल्द से जल्द उचित कदम उठाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य से संबंधित डीपीआर तैयार कर ली है। जल्द ही डीपीआर को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो खतरे में आए मकानों में रहने वाले लोगों के ठहरने की उचित व्यवस्था कर दी जाएगी।